दो दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार से प्रदेश के चारों जिलों में फिर से बाजार खुलेगा। अब पांच दिन तक पुरानी व्यवस्था लागू रहेगी। दून में बाजार, सरकारी व निजी दफ्तर आदि फिर से खुल जाएंगे। इसके अलावा धार्मिक स्थल, होटल-रेस्टोरेंट और मॉल भी खुलेंगे। हालांकि, इस दौरान दो गज की दूरी के पालन के साथ ही मास्क लगाना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि लॉकडाउन के तहत शनिवार और रविवार को शहर के बाजार, दुकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान आदि बंद रखे गए थे। इस दौरान मेडिकल स्टोर, फल-सब्जी की दुकानें, डेयरी, होम डिलीवरी, अस्पताल, पेट्रोल पंप, लाइसेंसधारक मीट-मछली की दुकानें खोली गई थीं। वहीं, शराब की दुकान, होटल, बेकरी, औद्योगिक इकाइयां, कृषि एवं निर्माण कार्यों में भी राहत दी गई थी। साथ ही नगर निगम, पालिका, पेयजल निगम, विद्युत निगम के दफ्तर एवं आवश्यक सेवाओं में लगे वाहनों का संचालन भी जारी रखा गया था।
अब सोमवार से शुक्रवार तक फिर से पुरानी व्यवस्था के तहत सभी चीजें खोली जाएंगी। होटल-रेस्टोरेंट रात नौ बजे तक खुलेंगे। वहीं, रात नौ से सुबह सात बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। इस दौरान सुबह पांच बजे मॉर्निंग वॉक करने वाले भी घर से बाहर निकल सकेंगे। दूसरी ओर जिले के कंटेनमेंट जोन में स्थित मंदिर, मॉल, होटल, रेस्टोरेंट आदि बंद रहेंगे। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जारी गाइडलाइन का हर व्यक्ति को हरहाल में पालन करना अनिवार्य है। अगर कोई व्यक्ति, प्रतिष्ठान इसका उल्लंघन करता पाया जाएगा तो संबंधित के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
लॉकडाउन में दुकान खोलने पर पांच पर मुकदमा
शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन होने के बाद भी दुकान खोलने पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने पांच दुकानदारों का चालान कर दिया। सभी के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार को गश्त के दौरान संजय कॉलोनी में पांच दुकानें खुली मिलीं। इनमें राजीव गुप्ता निवासी संजय कॉलोनी, आयुष कुमार रिवासी कल्याण आश्रम रोड, विनय शर्मा निवासी कल्याण आश्रम रोड, ऋषिपाल निवासी न्यू पटेल नगर व नईम निवासी संजय कॉलोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते कुछ दिनों में जिस तरह से कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में बढ़ोतरी देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। कोरोना को लेकर हमें किसी भी तरह की लापरवाही बरतने से बचना होगा। लोगों से अपील है कि वह जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। मास्क जरूर लगाएं। दो गज की दूरी का पालन करें।
- डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव, जिलाधिकारी