रुड़की में बैंक्वेट हॉल के राहत शिविर में ठहरे युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद यहां तैनात चार जवानों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है। स्वास्थ्य जांच में चारों सामान्य पाए गए। वहीं, पुलिस ने बैंक्वेट हॉल को सील कर दिया है।
लॉकडाउन के बाद हरिद्वार रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में बाहरी प्रदेशों के 20 लोगों को ठहराया गया था। इसमें से एक युवक की तबीयत खराब होने पर उसे 15 अप्रैल को सिविल अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो शिविर में ठहरे 19 लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट कर क्वारंटीन कर दिया गया था। इनके सैंपल लिए जा रहे हैं। यहां पुलिस के चार जवानों की ड्यूटी भी लगी थी। रविवार को बैंक्विट हॉल को सील कर जवानों को छुट्टी पर भेजकर होम क्वारंटीन का पालन करने के निर्देश दिए गए।
कोतवाली पुलिस ने दिल्ली से चोरी-छिपे कोटद्वार पहुंचीं दो युवतियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। स्वास्थ्य विभाग की स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया है। वहीं, जंगल के रास्ते उन्हें जाफराबाद से कोटद्वार लाने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि कमला, निवासी गिंवई स्रोत और शेफाली निवासी, बेलाडाट बीते शनिवार को दिल्ली से कोटद्वार पहुंची थीं। दोनों युवतियां उत्तर प्रदेश से जंगल के रास्ते यहां पहुंची थीं।
पुलिस ने दोनों युवतियों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की। पूछताछ में युवतियों ने बताया कि उन्हें उनका परिचित अजय वर्मा, पुत्र कलीराम, निवासी गोविंदनगर जाफराबाद जंगल के रास्ते कोटद्वार लाया है। रतूड़ी के मुताबिक अजय वर्मा हिस्ट्रीशीटर है। उसका कोटद्वार कोतवाली में आपराधिक रिकॉर्ड हैं। लॉकडाउन के उल्लंघन में दो युवतियों समेत हिस्ट्रीशीटर के विरूद्ध आईपीसी की धारा 188 और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।