बदरीनाथ राजमार्ग पर गूलर के समीप टूटा निर्माणधीन पुल का निरीक्षण विभागीय टीम सोमवार को करेगी। पुल की टूटने की क्या वजह थी विभागीय अधिकारी इसकी गहनता से जांच करेंगे। जांच के दौरान दोषी पाए गए अधिकारी के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।
लोनिवि के ईएनसी विभागाध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि गूलर में ऑलवेदर का काम चल रहा था। यहां करीब 90 मीटर पुल का निर्माण होना था। राजश्यामा कंपनी की ओर से यहां काम चल रहा था। 45 मीटर पुल पर पहले लेंटर पड़ चुका था।
रविवार को शेष 45 मीटर पर लेंटर पड़ना था, पुल की अचानक शटरिंग टूट गई, जिसके कारण निर्माणाधीन पुल टूट गया है। करीब 40 फीट ऊंचाई होने के कारण इसमें कार्य कर रहे मजदूर घायल हो गए हैं। विभागीय टीम सोमवार को इसका निरीक्षण करेगी और इसके कारणों को जानने का प्रयास करेगी। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।
पोखरी में रामनगर से राशन लेकर पोखरी पहुंचा एक ट्रक विनायकधार में अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गया और एक मकान की छत पर जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक महेंद्र सिंह (50) भवानीगंज, रामनगर, नैनीताल की मौत हो गई।
पोखरी थाना प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि रविवार शाम करीब पौने पांच बजे रामनगर से राशन लेकर चालक ट्रक को विनायकधार में सड़क किनारे लगा रहा था, इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और एक मकान की छत पर अटक गया।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने चालक को खाई से निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही ही उसने दम तोड़ दिया।