इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव फिलहाल निरस्त कर दिया गया है। महाप्रबंधक दीपक जैन के अनुसार इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में प्रति किलोमीटर 12 रुपये का अतिरिक्त खर्च आ रहा था। इसकी प्रतिपूर्ति के लिए शासन से अनुरोध किया गया था, लेकिन इस संबंध में कोई सहमति नहीं मिलने की स्थिति में बसों का संचालन निरस्त कर दिया गया है।
बता दें, परिवहन निगम की ओर से देहरादून से नई दिल्ली और देहरादून से हल्द्वानी समेत कई मार्गों पर 50 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना था। परिवहन निगम प्रबंधन ने बसों के संचालन को लेकर प्रस्ताव भी तैयार कर लिया था।
संचालनकर्ता कंपनी से वार्ता भी हो चुकी थी, लेकिन निजी कंपनी ने किराए की जो दरें तय की थीं वे परिवहन निगम प्रबंधन के अनुकूल नहीं थीं। ऐसे में प्रस्ताव निरस्त कर दिया गया। महाप्रबंधक दीपक जैन का कहना है कि कोरोना संकट के चलते यात्रियों की संख्या बेहद कम है। ऐसे में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का कोई औचित्य ही नहीं है।