बहन को विदा करने के बाद उसके ससुराल पौड़ी जिले के यमकेश्वर माला गांव से वापस नाई (गूलर) आ रहे दो युवकों की बाइक गूलर-ब्यासी के बीच अनियंत्रित हो गई। इस दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर से घायल हो गए। 108 की मदद से दोनों को एम्स में लाया गया। इस दौरान नव विवाहिता के भाई कुलदीप (14) पुत्र पूरन सिंह अस्पताल में ले जाते वक्त मौत हो गई। रविंद्र सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह (22) निवासी नाई को एम्स में भर्ती किया गया है।
उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय सचिव सरदार सिंह पुंडीर ने बताया कि कुलदीप और रविंद्र यमकेश्वर ब्लॉक के माला गांव से वापस गूलर की ओर मोटरसाइकिल से रवाना हुए थे, बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे डेढ़ किलोमीटर आगे आने पर मोटरसाइकिल फिसल गई। पीछे आ रहे बराती वाहन में सवार लोगों ने उनकी बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना दी।
दुल्हन के भाई की बाइक दुर्घटना में मौत की सूचना मिलने बाद गांव में कोहराम मच गया। इस दौरान चंद मिनटों में खुशियां मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि कुलदीप चार बहनों में सबसे छोटा था। उसकी दो बहनों की शादी हो चुकी है।
वहीं कोविड जांच को लेकर एम्स की ओर से कुलदीप का शव परिजनों को नहीं दिया गया है। जबकि रविंद्र का अभी एम्स में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि युवाओं के पास हेलमेट था जो कि उन्होंने हाथ पर टांग हुआ था।