16 दिन बाद भी नहीं खुली सड़क, अब पैदल रास्ते का किया जा रहा निर्माण
देवाल-खेता मानमती सड़क लोनिवि के लिए चुनौती बन गई है। 12 गांवों की लाइफ लाइन 16 दिन बाद भी नहीं खुल पाई है। अब इस क्षेत्र के लोगों के आने जाने के लिए लगभग दो किलोमीटर पैदल मार्ग का निर्माण किया जा रहा है।
सुयालकोट की चट्टान में तीन सौ मीटर में दरारें आने से यहां लगातार मलबा गिर रहा है। सड़क खोलने के लिए लोनिवि ने जेसीबी लगाई है लेकिन बार-बार मलबा आने से यहां सड़क खोलना लोनिवि के लिए चुनौती बना है।
विधायक भूपालराम टम्टा ने कहा कि फिलहाल इस सड़क को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। यहां पर क्या स्थायी समाधान हो सकता है इसके लिए अधिकारियों से भी बात की जा रही है। फिलहाल लोगों के आने जाने के लिए विधायक निधि से पैदल मार्ग बनाने को कहा गया है।
सिंहधार वार्ड का रास्ता हुआ ध्वस्त
नगर में बरसात के बाद भू स्खलन और जमीन में गड्ढे बनने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रविवार रात को हुई बारिश से सिंहधार जाने वाले रास्ते का पुस्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके अलावा खेतों में भी दरार बढ़ रही है।
बरसात ने नगर के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फिर से हलचल शुरू कर दी है। बरसात शुरू होने के बाद से ही नगर में लगातार दरार आने, गड्ढे होने और भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं। जब भी तेज बारिश हो रही है नगर के किस न किसी हिस्से में पुस्ता या रास्ता टूट रहा है। अभी तक गनीमत यह है कि नई दरार आने के मामले सामने नहीं आए हैं। जो पहले की दरार आई हैं वही चौड़ी हो रही हैं। लेकिन नई जगह पर गड्ढे होने के मामले जरूर आ रहे हैं। इससे प्रभावितों में दहशत बनी हुई है।