हेलंग में 13 घंटे बाद खुला हुई बदरीनाथ हाईवे
हेलंग में बंद बदरीनाथ हाईवे पर 13 घंटे बाद यात्रा वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई। हाईवे खुलने पर लगभग 6,455 तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम भेजा गया जबकि 4,300 तीर्थयात्री अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए। शुक्रवार को दिनभर हाईवे सुचारु रहा जिससे तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी नहीं हुई।
बृहस्पतिवार शाम को करीब छह बजे चट्टान से अचानक हाईवे पर मलबा और बोल्डर आने से वाहनों की आवाजाही थम गई। बदरीनाथ हाईवे बंद होने पर पुलिस की ओर से तीर्थयात्रियों को जोशीमठ, हेलंग, पाखी, पीपलकोटी और चमोली बाजार में रोक दिया गया। देर रात तक एनएचआईडीसीएल की जेसीबी मलबा हटाने में जुटी रहीं और शुक्रवार सुबह सात बजे हाईवे सुचारु हो पाया। इसके बाद पुलिस टीम की निगरानी में हाईवे के दोनों ओर जमा सैकड़ों वाहनों की आवाजाही सुचारु करवाई गई। पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि हेलंग में हाईवे को सुचारु कर दिया गया है।
सिरोहबगड़ में बदरीनाथ हाईवे हुआ बदहाल
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग सिरोहबगड़ और नौगांव में अब भी संवेदनशील बना है। सिरोहबगड़-पपडासू बाईपास के तहत निर्माणाधीन पुलों के चलते हाईवे बदहाल बना है। ग्राम पंचायत खांकरा के पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र ममगाईं, उक्रांद के जिलाध्यक्ष बीबी ममगाईं, पूर्व ग्राम प्रधान प्रदीप मलासी सहित अन्य लोगों का कहना है कि बाईपास निर्माण का कार्य धीमी गति से हो रहा है जिसका खामियाजा यात्री और स्थानीय लोग भुगत रहे हैं। इधर, एनएच के अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह चौहान ने बताया कि सिरोहबगड़ से नौगांव तक छह किमी हिस्से को गड्ढा मुक्त करने के लिए काम किया जा रहा है।