पालिकाओं पर भी डबल बेंच जाएगी सरकार
देहरादून। रुड़की नगर निगम के बाद श्रीनगर और बाजपुर नगर पालिकाओं पर आए फैसले को भी सरकार डबल बेंच में चुनौती देने के मूड में है। हालांकि अभी रुड़की के संबंध में हुए आदेश की ही कॉपी सरकार को प्राप्त नहीं हो पाई है। इस वजह से सरकार फैसले को हाईकोर्ट की डबल बेंच में चुनौती नहीं दे पाई है। नगर विकास मंत्री मदन कौशिक के अनुसार, रुड़की नगर निगम पर आए आदेश की कॉपी का सरकार इंतजार कर रही है। डबल बेंच में जाने की हमारी पूरी तैयारी है। श्रीनगर और बाजपुर पर आए निर्णय पर मंत्री ने कहा कि हम इसकी आदेश की कॉपी की भी प्रतीक्षा करेंगे। उन्होंने पालिकाओं पर आए फैसले को भी डबल बेंच में चुनौती देने के संकेत दिए हैं।
निकाय चुनाव-कानूनी पेंच दर पेंच
04 अप्रैल 18-जल्द चुनाव कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में रिट का खुलासा किया।
05 अप्रैल-सरकार ने हाईकोर्ट से कहा-12 मई तक कर देंगे सारी प्रक्रिया, 23 निकायों में सीमा विस्तार की अधिसूचना की।
14 मई -हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने पांच अप्रैल को जारी 23 नगर निकायों की सीमा विस्तार की अधिसूचना को खारिज किया।
22 मई-पांच अप्रैल की अधिसूचना को खारिज करने के सिंगल बेंच के फैसले को डबल बेंच ने पलटा। नगर निकाय चुनाव का रास्ता खुला।
23 मई -चुनाव कराने के लिए सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग के बीच हुई बैठक। 27 तक 84 नगर निकायों में चुनाव कराने के लिए सारी प्रक्रिया पूरी कर देने पर सहमति।
24 मई -सरकार ने हाईकोर्ट को दी रिपोर्ट में बताया कि 27 मई तक सारी प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
25 मई -हाईकोर्ट ने एक अन्य याचिका पर सुनवाई करते हुए रुड़की को आरक्षण प्रक्रिया से अलग रखने को गलत ठहराया। साथ ही अन्य नगर निगमों के साथ ही रुड़की में आरक्षण तय करने के आदेश जारी किए।
26 मई -सरकार ने रुड़की नगर निगम पर आए सिंगल बेंच के फैसले को डबल बेंच में चुनौती देने का निर्णय लिया।
28 मई -हाईकोर्ट ने श्रीनगर और बाजपुर नगर पालिका परिषद का आरक्षण अन्य के साथ न कराने को गलत ठहराया। साथ ही सभी 41 नगर पालिकाओं का आरक्षण एक साथ तय करने के आदेश जारी किए।