जंगल को सुरक्षित रखने में पसीना बहा रहे वन विभाग को कर्मचारियों की कमी का सामना भी करना पड़ रहा है। प्रदेश में वन महकमे में करीब 40 प्रतिशत पद खाली हैं और इनमें से सबसे अधिक खाली पद फील्ड स्टाफ के ही हैं।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वन आरक्षियों के इस समय 1252 पद ही भरे हुए हैं। करीब-करीब इतने ही पद खाली हैं। वन आरक्षियों, सहायक वन संरक्षक, वन दरोगा सहित अन्य स्तर के करीब 2517 पद खाली हैं। कुल पदों की तुलना में यह करीब 41 प्रतिशत हैं।
इन पदों को भरने के लिए वन विभाग के स्तर पर पहले से कोशिश होती रही है। वन आरक्षियों के 1218 पदों पर भर्ती का मामला परीक्षा में नकल के कारण अधर में लटक गया था। अब इसमें लिखित परीक्षा हो गई है और मई में शारीरिक परीक्षा होने की संभावना है। इसी तरह वन दरोगाओं के 316 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। विभाग की ओर से इसके लिए अधियाचन भेजा चुका है। विभाग 40 रेंजर की भर्ती का अधियाचन भी भेज चुका है।
इसी तरह सहायक वन संरक्षक के पदों पर भी भर्ती की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के मुताबिक भर्ती के कई मामले अदालतों में भी विचाराधीन हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भर्ती में तेजी आने की उम्मीद है।