कुंभ मेला सुपर जोन अधिकारी पी. रेणुका देवी ने कहा कि सोमवती अमावस्या और बैशाखी पर्व को लेकर व्यवस्थाएं चाक चौबंद की जाएंगी। बैशाखी के दिन लक्ष्मणझूला पुल पर आवाजाही बंद की जाएगी। केवल स्थानीय लोगों को छूट मिलेगी।
लक्ष्मणझूला थाने में बैठक के दौरान एसएसपी पौड़ी पी. रेणुका देवी ने कुंभ मेले को लेकर अधिकारियों से फीड बैक लिया। उन्होंने कहा कि सोमवती अमावस्या और बैशाखी पर्व पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा। पार्किंग स्थलों पर लाइटिंग व्यवस्था, प्रतिबंधित घाटों पर स्नान में रोक, स्नान घाटों पर चेन लगाने के ठोस इंतजाम करने होंगे।
इस अवसर पर एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट, सीओ ऋषिकेश डीसी ढौंडियाल, मुनिकीरेती कुंभ थाना निरीक्षक मारुत शाह, लक्ष्मणझूला थाना निरीक्षक प्रमोद उनियाल, ऋषिकेश कुंभ थाना निरीक्षक मुकेश चौहान, लक्ष्मणझूला कुंभ थाना निरीक्षक भानु प्रकाश, मुनिकीरेती थाना वरिष्ठ निरीक्षक विपिन कुमार और मनोज गैरोला आदि मौजूद थे।