स्वास्थ्य विभाग में तबादलों के साथ कई अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया है। इसमें हल्द्वानी बेस अस्पताल में वरिष्ठ परामर्श दाता के तौर पर तैनात डॉ. एबी ओली को बेस अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीजी हेल्थ कार्यालय (देहरादून) में तैनात संयुक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. सत्य प्रकाश वर्मा को बेस अस्पताल अल्मोड़ा का प्रभारी प्रमुख अधीक्षक बनाया गया है। डीजी हेल्थ कार्यालय (देहरादून) में तैनात संयुक्त निदेशक (टीबी) डॉ. रमेश सिंह राणा को प्रभारी सीएमओ पौड़ी पद पर स्थानांतरित किया गया है।
पौड़ी चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पद पर तैनात डॉ. इंद्र सिंह सामंत को प्रभारी प्रमुख अधीक्षक जिला अस्पताल उत्तरकाशी में नई तैनाती दी गई है। जिला महिला चिकित्सालय देहरादून में (संयुक्त निदेशक ग्रेड पे) पर तैनात डॉ. दिनेश चंद सेमवाल (एनेस्थेटिस्ट) को चमोली जिले का प्रभारी सीएमओ बनाया गया है।