सरकार सूफी गायक कैलाश खेर की कंपनी को गीत बनाने के अवशेष भुगतान के एवज में एक करोड़ 77 लाख 73 हजार 465 रुपये का भुगतान करेगी। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
मैसर्स कैलाशा इंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड को आपदा प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण ने 44 मिनट के 12 धारावाहिक बनाने का कार्य दिया था। वर्ष 2015 में हुए अनुबंध के अनुसार कंपनी ने धारावाहिक बनाने के एवज में धनराशि की डिमांड की थी।
एमओयू के तहत कंपनी को नौ करोड़ 48 लाख रुपये के सापेक्ष 7 करोड़ 53 लाख, 73 हजार 584 रुपये का भुगतान किया जा चुका है। कंपनी अवशेष भुगतान के लिए प्रदेश सरकार से लगातार प्रयास कर रही थी।
इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक बैठक भी हुई थी, जिसमें तय हुआ कि कंपनी को भुगतान सूचना महानिदेशक कार्यालय करेगा। महानिदेशक कार्यालय की ओर से कंपनी को अवशेष धनराशि का 75 प्रतिशत यानी 1 करोड़ 45 लाख 69, 812 रुपये भुगतान किया गया। कंपनी की मांग पर टैक्स को अलग से शामिल करते हुए कंपनी को भुगतान किया गया था।