उत्तराखंड सरकार अब प्रदेश में बीस रुपए में भोजन की थाली लोगों को मुहैया कराएगी। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बुधवार को बीजापुर स्थित आवास पर अधिकारियों की बैठक में देहरादून में इस आशय का पायलट प्रोजेक्ट दून में शुरू करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों के जरिए इस योजना को शुरू करने और एमडीडीए को नॉडल विभाग बनाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के मुताबिक दून में योजना के तहत एमडीडीए के घंटाघर स्थित कॉम्प्लेक्स में रसोई शुरू की जाएगी।
बीस रुपए में पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। शहर के बीचोबीच यह जगह होने के कारण साफ सफाई की व्यवस्था भी हो जाएगी। पेयजल विभाग पानी और ऊर्जा विभाग बिजली उपलब्ध कराएगा। पायलट प्रोजेक्ट अगर सफल होता है तो अन्य स्थानों पर यह योजना लागू की जाएगी।
बुधवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गैस की उपलब्धता की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कांवड़ मेले को देखते हुए गैस एजेंसियों से पर्याप्त स्टॉक रखने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम को मुख्यमंत्री ने व्यवसायिक दृष्टिकोण अपनाने की नसीहत दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले तीन माह में दोनो निगम मेरा गांव मेरा धन योजना में 100-100 वितरण के केंद्र स्थापित करें। इसके लिए पर्वतीय जिलों में सर्वे भी कर लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने रसोई गैस का बैकलॉग कंपनियों से जल्द से जल्द समाप्त करने का निर्देश दिया। आईओसी के वीके सुंद्रियाल ने बताया कि दस दिन के अंदर-अंदर बैक लॉग समाप्त कर लिया जाएगा। बैठक में गृह मंत्री प्रीतम सिंह, मुख्य सचिव एन रविशंकर, अपर मुख्य सचिव राकेश शर्मा, प्रमुख सचिव राधा रतूड़ी, उमाकांत पंवार आदि मौजूद थे।