शासन ने एक बार फिर बड़े पैमाने पर आईएएस अफसरों की तैनाती में फेरबदल किया है। इस सूची में कर्नाटक से वापस लौटीं आईएएस अधिकारी सौजन्या का भी नाम है, जिन्हें सिडकुल का प्रबंध निदेशक बनाने के साथ ही राज्य का मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सचिव (प्रभारी) निर्वाचन, आयुक्त कर की जिम्मेदारी दी गई है। लंबे समय से सिडकुल के एमडी रहे आर. राजेश कुमार से यह प्रभार वापस ले लिया गया है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी सूची के मुताबिक डॉ. रणबीर सिंह को वर्तमान पदभार के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण, ओम प्रकाश को वर्तमान पदभार के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी यूसीएडीए के पद पर तैनात किया गया है। इसी क्रम में प्रमुख सचिव आनंद बर्द्धन को सचिवालय प्रशासन के पदभार से अवमुक्त किया गया है।
इसी क्रम में गढ़वाल कमिश्नर दिलीप जावलकर को गन्ना एवं चीनी उद्योग के प्रभार से अवमुक्त करते हुए सचिव पर्यटन, धर्मस्व, तीर्थाटन, संस्कृति के अलावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद का प्रभार दिया गया है। वहीं डी. सेंथिल पांडियन को मौजूदा प्रभार के साथ गन्ना एवं चीनी उद्योग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।