राजधानी में पढ़ो दून-बढ़ो दून का टारगेट पूरा हो गया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के दिशा निर्देशन मेें विभिन्न विभागों ने सामंजस्य स्थापित कर योजना पर काम किया। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वालों को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।
जिले में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए पढ़ो दून-बढ़ो दून अभियान की शुरूआत की गई थी। कोरोना काल के दौरान आशा और आंगनबाड़ी की मदद से मोहल्लावार निरक्षर लोगों का सर्वे कर सूची तैयार की गई।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी नितिका खंडेलवाल ने तमाम विभागों के साथ मिलकर 30 हजार से ज्यादा लोगों को साक्षर किया। सोमवार को जिलाधिकारी ने योजना में बेहतर कार्य करने पर ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान, पार्षद, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, बाल विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी, गैर सरकारी संगठन और सामान्य नागरिकों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया।