24 जनवरी को बालिका दिवस पर एक दिन के लिए उत्तराखंड की मुख्यमंत्री बनने वाली दौलतपुर गांव की बेटी सृष्टि गोस्वामी बचपन से ही होनहार है। 2018 में बाल विधानसभा में बाल विधायक भी चुनी जा चुकी हैं। वर्ष 2019 में सृष्टि गर्ल्स इंटरनेशनल लीडरशिप के लिए थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। सृष्टि पिछले दो साल से ‘आरंभ’ नामक योजना चला रही हैं। इसमें क्षेत्र के गरीब बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के साथ मुफ्त में किताबें भी मुहैया कराती हैं।
हरिद्वार जिले के बहादराबाद विकासखंड के दौलतपुर गांव की बेटी सृष्टि गोस्वामी एक दिन के लिए उत्तराखंड की मुख्यमंत्री बनेगी। सृष्टि बतौर मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करेंगी। सृष्टि की इस उपलब्धि के लिए गांव में जश्न का माहौल है। परिवार से लेकर ग्रामीण खुशियां मना रहे हैं। बृहस्पतिवार को सृष्टि के घर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
सृष्टि गोस्वामी को बालिका दिवस पर एक दिन का सीएम बनाने के लिए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंजूरी दे दी है। सृष्टि रुड़की के बीएसएम पीजी कॉलेज की बीएससी एग्रीकल्चर की छात्रा है। पिता प्रवीण पुरी दौलतपुर गांव में किराने की छोटी सी दुकान चलाते हैं। मां सुधा गोस्वामी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। छोटा भाई श्रेष्ठ पुरी कक्षा 11 का छात्र है। उसके पिता प्रवीण पुरी ने बताया कि सृष्टि पर पूरे गांव को गर्व है। सृष्टि मीडिया कर्मियों से बातचीत करने से बचती रहीं।
हर बेटी के माता-पिता को होगा गर्व
सृष्टि की मां सुधा गोस्वामी को बेटी पर गर्व है। सुधा का कहना है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए माता-पिता का सहयोग और प्रेरणा जरूरी है। सृष्टि ने जो मुकाम हासिल किया है उससे हर बेटी वाले माता-पिता को गर्व होगा।