निदेशक पंचायत एचसी सेमवाल के मुताबिक पंचायतों को हाल में वित्त विभाग ने राज्य वित्त व 14वें वित्त के तहत दी जाने वाली धनराशि की अंतिम किस्त भी जारी की थी। वित्त ने पंचायत निदेशालय को 15 दिन के अंदर यह धनराशि ग्राम पंचायतों के खातों में हस्तांतरित करने को कहा था।
पंचायत विभाग के मुताबिक इस पैसे को एकमुश्त पंचायतों में खातों में हस्तांतरित करने की तैयारी की जा रही है। वित्त विभाग से भी इसकी अनुमति ले ली गई है। इसके साथ ही सभी जिलों को कहा गया है कि अधिकतम दस दिन के अंदर ग्राम पंचायतों के खातों को पीएफएमएस सर्वर से जोड़ लिया जाए। यह होते ही पंचायतों के खातों में सीधे धनराशि हस्तांतरित कर दी जाएगी।
पंचायतीराज विभाग की योजना है कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में एक साथ सभी पंचायतों के खाते में धनराशि हस्तांतरित की जाएगी। पंचायत निदेशक एचसी सेमवाल के मुताबिक यह कोशिश ग्राम पंचायतों के खातों को केंद्रीय सर्वर से जोड़ने की है। कुछ पर्वतीय जिलों में यह काम होना बाकी है और इस काम को तेज करने की कोशिश की जा रही है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में समारोह आयोजित कर पैसों का हस्तांतरण होने से नव गठित पंचायतों का मनोबल भी बढ़ेगा।