रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय में वाहन संबंधी काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने वाले दो आरोपियों को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। दोनों ने आरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी वाहनों को ही अपना दफ्तर बना रखा था। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम चल रहा था। आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद हुए हैं।