कोश्यारी का जन्म 17 जून 1942 को उत्तराखंड के बागेश्वर जिले स्थित चेताबागड़ गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रराम्भिक शिक्षा अल्मोड़ा में पूरी की और उसके बाद उन्होंने आगरा यूनिवर्सिटी से अंग्रेज साहित्य में आचार्य की उपाधि प्राप्त की।
बता दें कि नवंबर 2000 में उत्तराखंड को देश का 27 वां राज्य बनाया गया। उस समय पहले मुख्यमंत्री रहे नित्यानंद स्वामी की सरकार में कोश्यारी को ऊर्जा मंत्री बनाया गया था।
इसके बाद अक्टूबर 2001 में भाजपा आलाकमान ने कोश्यारी को स्वामी के उत्तराधिकारी के रूप में मुख्यमंत्री पद की ज़िम्मेदारी सौंपी। कोश्यारी केवल पांच महीने ही मुख्यमंत्री रहे। साल 2002 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजित कर कांग्रेस सत्ता में आ गई।
उसके बाद 2002 से 2007 तक वे उत्तराखंड विधानसभा में नेता विपक्ष भी रहे। वर्ष 2008 से 2014 तक वे उत्तराखंड से राज्यससभा के सदस्य चुने गए थे। भगत सिंह कोश्यारी आरएसएस के काफी नजदीकी रहे हैं।
महाराष्ट्र के राज्यपाल पद पर मनोनयन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी रविवार को दून डिफेंस कालोनी स्थित अपने आवास पहुंचे। कोश्यारी ने नई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि देश के आर्थिक रूप से सशक्त राज्यों में महाराष्ट्र नंबर एक स्थान है। मेरी कोशिश रहेगी कि महाराष्ट्र की आर्थिक मजबूती का फायदा उत्तराखंड को पहुंचा पाऊं। वहां के बड़े निवेशकों को उत्तराखंड लाने की कोशिश रहेगी। इससे दोनों राज्य के परस्पर संबंध और बेहतर होंगे।
पूर्व सीएम कोश्यारी ने अमर उजाला से बातचीत में कहा कि वे शिखर से सागर की ओर जा रहे हैं। महाराष्ट्र हर दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। वहां की संस्कृति और साहित्य को समझने और पढ़ने का अवसर मिलेगा। बहुत कुछ सीखने का अवसर मेरा पास रहेगा। मेरा यह सर्वोच्च प्रयास होगा कि महाराष्ट्र की आर्थिक उन्नति का लाभ किस तरह से उत्तराखंड को मिले। वहां के लोग केदारनाथ और बदरीनाथ धाम आते हैं। वे भली भांति उत्तराखंड को समझते हैं।
बस जरूरत है कि दोनों राज्यों के संबंध और मजबूत हों, जिससे उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान की जा सके। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के लिए वे जल्द महाराष्ट्र रवाना होंगे। इससे पहले कोश्यारी अपने आवास पहुंचे तो पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम उन्हें बधाई देने के लिए पहुंचा। कोश्यारी के गाड़ी से उतरते ही भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी बलजीत सिंह सोनी ने उन्हें कंधे पर उठा लिया।
उनको बधाई देने वालों में सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, गणेश जोशी और विजय सिंह पंवार शामिल रहे। प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने दूरभाष पर उनसे बात कर बधाई दी। देर शाम तक उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी और जमकर आतिशबाजी की।