लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर रूम से पांच हाथी दांत (वजन 35 किलो) गायब हो गए। वन महकमे की खोजबीन में हाथी दांत नहीं मिले। इसके बाद वन विभाग ने यमकेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। वहीं, मामले में एसडीओ कोटद्वार, लैंसडौन रेंजर और स्टोर कीपर इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
लैंसडौन वन प्रभाग के स्टोर रूम में काफी समय से हाथी दांत रखे हुए थे। बीते दिनों जब अभिलेखों में दर्ज और मौके पर मौजूद हाथी दांतों का मिलान कराया गया तो वन महकमे के होश उड़ गए। स्टोर रूम से एक दो नहीं बल्कि पांच हाथी के दांत गायब थे, जिनका वजन 35 किलो से अधिक है। आनन फानन मामले की जांच के आदेश देने के साथ ही हाथी दांतों की तलाश शुरू की गई, लेकिन वह नहीं मिले। इसके बाद मामले में एसडीओ सुधीर कुमार ने यमकेश्वर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
UK Top News: हेलीकॉप्टर हादसे में रेस्क्यू पूरा, केदारताल में ट्रैकर्स की तलाश जारी, भाजपा पर सोनिया का वार
एसओ यमकेश्वर अरविंद चौधरी ने बताया कि संबंधित क्षेत्र कोटद्वार तहसील के अंतर्गत आता है, ऐसे में मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को कोटद्वार कोतवाली को भेजा जा रहा है। वहीं, प्रभारी डीएफओ तरुण एस ने बताया कि मामले में एसडीओ कोटद्वार, रेंजर लालढांग और स्टोर इंचार्ज को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। वन संरक्षक शिवालिक राजीव धीमान ने बताया कि प्रकरण में डीएफओ को जांच सौंपी गई है। तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।