यहां स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए स्थानीय खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद और मिलेट आधारित सामग्री उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच मिलेगा।
राज्य में महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश का पहला हिलांस रिटेल आउटलेट शुक्रवार को हरिद्वार में शुरू हुआ। ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से यह आउटलेट खुला है। इसका संचालन श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता की ओर से किया जाएगा। इससे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हजारों महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए एक मंच मिलेगा।
विज्ञापन
यह पहल वोकल फॉर लोकल और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से लागू की गई है। इससे प्रदेश सरकार की योजना लखपति दीदी अभियान को भी जोड़ने की पूरी योजना है। बता दें कि यहां स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए गए स्थानीय खाद्य उत्पाद, हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद और मिलेट आधारित सामग्री उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के विपणन के लिए स्थायी मंच मिलेगा।
प्रशासन का दावा है कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद आसानी से मिल सकेंगे। आउटलेट के संचालन के लिए श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। यह आउटलेट उत्पादन और बाजार के बीच मजबूत कड़ी बनकर महिलाओं की आय बढ़ाएगा।
महिला सशक्तीकरण की दिशा में पहल
रीप की राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान ने कहा कि हिलांस रिटेल आउटलेट महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों को प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और विपणन से जोड़ रही है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि यह आउटलेट स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार देगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी।