उत्तराखंड की नई फिल्म नीति के कारण राज्य में फिल्म शूटिंग पर पांच साल से कम समय में 1759 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह आंकड़ा उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन से आगे बढ़कर फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित कर रहा है।
नई फिल्म नीति-2024 ने राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया है। इसमें सिंगल विंडो व्यवस्था, प्रोत्साहन, अनुदान और फिल्म पुरस्कार जैसे प्रावधान हैं। नीति स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर देने और शूटिंग प्रक्रिया को आसान बनाने पर केंद्रित है। वित्त वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक 52 फिल्मों को अनुदान मिला है। इनमें हिंदी और स्थानीय भाषाओं की फिल्में शामिल हैं।
अकेले 2025-26 में 25 फिल्मों को अनुदान दिया गया। 2019-20 से 2025-26 तक प्रदेश में 1,440 से अधिक फिल्मों की शूटिंग हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, सरकार फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और रोजगार बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। फिल्म शूटिंग से स्थानीय होटल और परिवहन कारोबार को लाभ हुआ है।
पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे
इससे स्पॉट बॉय, तकनीकी स्टाफ और गाइड जैसे लोगों को रोजगार मिला है। स्थानीय कलाकारों को भी फिल्मों और वेब सीरीज में अवसर मिल रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्तराखंड को फिल्म-अनुकूल राज्य के रूप में पहचान मिली है। फिल्मों में दिखाए गए स्थान पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: फणीन्द्रनाथ शर्मा भाजपा के नए प्रदेश संगठन महामंत्री, अजय कुमार के जाने के बाद से खाली थी कुर्सी
उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और भौगोलिक परिस्थितियां फिल्म शूटिंग के लिए उपयुक्त हैं। सरकार का प्रयास है कि राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों का विस्तार हो। -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री