उत्तराखंड में बनी और यहीं के कलाकारों की फिल्म ‘अंडर द स्काई’ अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के लिए नामित हुई है। इस बात से प्रदेश के लोगों में खुशी की लहर है।
यह प्रदेश की पहली ऐसी फिल्म है, जिसे दुनिया के मंच पर छाने का मौका मिला है। फिल्म की खास बात ये है कि इसमें मुख्य भूमिका निभाने वाले दो बच्चे हल्द्वानी के हैं। फिल्म जून में देशभर में रिलीज होगी।
मूलरूप से पिथौरागढ़ के रहने वाले एहसान बख्श फिल्म के निर्देशक हैं। बुधवार को दून पहुंचे एहसान ने बताया कि वह अपने राज्य को देश ही नहीं विदेश में भी पहचान दिलाना चाहते हैं।
उन्होंने न सिर्फ पिथौरागढ़ में 90 मिनट की फिल्म की शूटिंग की, बल्कि इस फिल्म को अब तक अमेरिका, इटली, फ्रांस, जर्मनी सहित 15 देशों के फिल्म फेस्टिवल में दिखा चुके हैं। यह फिल्म जिलीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए नामित हुई है। जो प्राग (चेक रिपब्लिक) में 29 मई से पांच जून तक चलेगा। इसमें फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।
बताया कि पहली बार उत्तराखंड की किसी फिल्म को इतना बड़ा मुकाम मिल रहा है। प्रदेश के स्कूलों से संपर्क किया जा रहा है। जहां बच्चों को यह फिल्म दिखाई जाएगी। फिल्म की शूटिंग हल्द्वानी, मसूरी और रामनगर में हुई है। निर्देशक एहसान बख्श कई धारावाहिकों की स्क्रीन प्ले स्टोरी लिख चुके हैं।