हर कॉलेज में सीसीटीवी अनिवार्य
श्रीदेव सुमन विवि ने सभी बीएड कॉलेजों में सीसीटीवी अनिवार्य कर दिया है, जिसका लिंक विवि को भी देना होगा। विवि के अधिकारी कभी भी इस लिंक के माध्यम से कॉलेज की गतिविधियां देख सकेंगे। दूसरी ओर, सभी कॉलेजों को फैकल्टी का पूरा डाटा तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया है। सभी शिक्षकों व छात्रों की बायोमीट्रिक हाजिरी भी अनिवार्य कर दी गई है।
एबीसी आईडी न देने वाले कॉलेजों का रिजल्ट रोकेगा विवि
श्रीदेव सुमन विवि एकेडमिक बैंक क्रेडिट (एबीसी) आईडी जमा न कराने वाले कॉलेजों का रिजल्ट जारी नहीं करेगा। इस बाबत विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. वीपी श्रीवास्तव ने सभी कॉलेजों को आदेश जारी कर दिया है।
आदेश के मुताबिक, नई शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रथम सेमेस्टर के रिजल्ट जारी करने हैं। इस बीच देखने में आया कि तमाम ऐसे कॉलेज भी हैं, जिन्होंने अभी तक अपनी एबीसी आईडी विवि को उपलब्ध नहीं कराई है। ये आईडी छात्र के परीक्षा आवेदन फार्म के साथ उपलब्ध कराई जानी थी। विवि परीक्षा नियंत्रक डॉ. श्रीवास्तव के मुताबिक, ऐसे कॉलेजों का रिजल्ट रोक दिया जाएगा।
उन्होंने दो दिन के भीतर एबीसी आईडी जमा कराने को कहा, ताकि उनका परिणाम जारी किया जा सके। जो कॉलेज एबीसी आईडी विवि को देंगे, भविष्य में उनके लिए ही अगले सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कॉलेजों को हिदायत दी कि वे अच्छी तरह देख लें कि छात्रों ने विषयों का चयन सही किया हो। एक बार उनका फार्म विवि को मिल जाएगा तो कोई बदलाव नहीं होगा।
बीएड कॉलेजों को इस साल राजभवन से संबद्धता का पत्र मिले बिना कतई सीटें नहीं दी जाएंगी। राजभवन के स्तर से बारीकी से परीक्षण के बाद ही संबद्धता का पत्र जारी किया जाता है। सभी कॉलेजों को इसकी सूचना दे दी गई है। हमने सीसीटीवी, बायोमीट्रिक भी अनिवार्य कर दी है।
-केआर भट्ट, कुलसचिव, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि