चारधाम की सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाएं
सीएम ने सभी विभागीय सचिवों और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा के दौरान विभागों और जिला प्रशासन के स्तर पर सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जाएं। यात्रा से जुड़े हितधारकों से निरतंर समन्वय बनाएं। जन सहयोग से यात्रा को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
वनाग्नि प्रबंधन : निरंतर मॉनिटरिंग व मोबाइल गश्त टीमें तैनात हों
वनाग्नि प्रबंधन के लिए सीएम ने वन विभाग के साथ सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के नंबर भी अपडेट रखने को कहा, ताकि वनाग्नि की घटना होने पर शीघ्रता से नियंत्रण किया जा सके। वनाग्नि की संभावना वाले क्षेत्रों में मोबाइल गश्त टीमें तैनात करने और उनकी निरंतर मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
पेयजल समस्याओं पर डीएम अपने स्तर पर बैठक करेंगे
सीएम ने गर्मियों में लोगों को पेयजल की समस्या के समाधान के लिए तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए। कहा कि पेयजल टैंकर की भी पर्याप्त उपलब्धता हो। जिलाधिकारी समाधान के लिए अपने स्तर से बैठक करें। मानसून सीजन के दृष्टिगत भी सभी सुरक्षात्मक उपाय कर लिए जाएं। जल भराव की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में सभी उपचारात्मक कार्य किए जाएं। सीएम ने कहा कि जिलाधिकारियों द्वारा जन सुनवाई नियमित की जाए। तहसील दिवस, बीडीसी की बैठकों और बहुद्देशीय शिविरों के माध्यम से लोगों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ दिया जाए।