विधानसभा चुनाव की डगर पर भाजपा ने विकास रथों की सियासत शुरू कर दी है। पांच साल की उपलब्धियों की कथा सुनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सरकार के विकास रथ को रवाना किया। आने वाले कुछ दिनों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक विजय संकल्प यात्रा के रथों को हरी झंडी दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं व नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विकास रथों को रवाना किया।
राज्य सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और योजनाओं का प्रचार
एलईडी से युक्त ये विकास रथ प्रदेश के सभी जिलों से होकर गुजरेंगे और 300 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक व एलईडी के माध्यम से फिल्म के जरिये राज्य सरकार की नीतियों, विकास कार्यों और योजनाओं का प्रचार करेंगे। रथों के लिए सात रूट तय किए गए। सरकार की योजनाओं का यह प्रचार अभियान पूरे दिसंबर माह चलाया जाएगा। इस अवसर पर सूचना महानिदेशक रणवीर सिंह चौहान, अपर निदेशक डॉ. अनिल चंदोला, संयुक्त निदेशक केएस चौहान उपस्थित थे।
इन सात रूटों से गुजरेंगे विकास रथ
राज्य सरकार के विकास रथ देहरादून-हरिद्वार, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर, टिहरी-उत्तरकाशी, पौड़ी, चमोली-रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़-चम्पावत एवं अल्मोड़ा-बागेश्वर मार्ग से होकर गुजरेंगे। इन सभी रूटों पर सरकार की योजनाओं के प्रचार के लिए संबंधित जिलों के जिला सूचना अधिकारी समन्वय बनाए गए हैं।
भाजपा रवाना करेगी विजय संकल्प रथ
सरकार के साथ-साथ सत्तारूढ़ भाजपा विधानसभा चुनाव के लिहाज से सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प रथों को रवाना करेगी। इन रथों को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक 18 दिसंबर को रवाना कर सकते हैं। ये रथ जिस विधानसभा में जाएंगे, वहां राज्य और केंद्र सरकार की विकास योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों के साथ पांच साल की उपलब्धियों का प्रचार करेंगे। हर विधानसभा में जनसभा होगी, जिसे भाजपा के केंद्रीय और प्रांतीय स्तर के नेता संबोधित करेंगे।
11 दिसंबर को संकल्प यात्रा सुझाव रथ
भाजपा 11 दिसंबर को सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में संकल्प यात्रा सुझाव पेटिका रथ रवाना करेगी। ये रथ विधानसभा क्षेत्र के लोगों से संकल्प पत्र पर सुझाव मांगेंगे।