अमर उजाला से बातचीत में बहुगुणा ने कहा कि कुछ गलत भ्रांतियां फैली हैं। न तो कोई नाराज है न ही कोई कहीं जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी छोड़ने को लेकर जो चर्चाएं हो रही हैं, वो बे सिर-पैर की कहानी है। उसमें कोई सच्चाई नहीं है।
हमने सिद्धांतों पर कांग्रेस का विभाजन किया
पूर्व मुख्यमंत्री बहुगुणा ने कहा कि हमने कांग्रेस से विभाजन सिद्धांतों के आधार पर किया था। आज हम सभी साथ हैं और पूरी तरह से समर्पित हैं। बहुगुणा ने कहा कि हमारा आज भी यह मानना है कि उत्तराखंड का हित और विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुरक्षित है। पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है।
कहा कि पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे के भाजपा छोड़ने के बाद दलबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस पर कहा कि कांग्रेस में विभाजन करने वाले हम नौ विधायक थे, यशपाल आर्य हमारे साथ नहीं थे।
मैं चाहता हूं कि हमारे साथी ज्यादा उत्साहित होकर संगठन और मुख्यमंत्री का साथ देकर चुनाव में विजय प्राप्त करें।
- विजय बहुगुणा, पूर्व मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
वहीं रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट के बेटे जगमोहन बिष्ट की आखिरकार भाजपा में वापसी हो गई। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रदेश पार्टी कार्यालय में उन्हें पार्टी में शामिल कराया। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के कार्यकाल के दौरान बिष्ट की वापसी संगठन के विरोध के चलते नहीं हो पाई थी। अब बिष्ट के अलावा पंचायत चुनाव में बगावत के कारण बाहर किए गए कई जनप्रतिनिधियों की भी पार्टी में वापसी हुई। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राकेश काला भी भाजपा में शामिल हो गए।
पार्टी कार्यालय में हुए एक कार्यक्रम में पार्टी में शामिल करने के लिए बनाई गई स्क्रीनिंग कमेटी के चेयरमैन एवं राज्य सभा सांसद नरेश बंसल और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष कौशिक ने कहा कि पार्टी में एक प्रक्रिया के तहत आज कई जिलों में लोग भाजपा की रीति नीति और सिद्धांतों में विश्वास जताकर शामिल हो रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और मोदी जी के विकास के विजन से प्रभावित होकर आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यों में विश्वास करती हैं और कार्यों की समीक्षा जनता करती हैं। इस बार फिर पार्टी विकास और सेवा कार्यों के बदौलत मैदान में उतरेगी। इस मौके पर पार्टी महामंत्री कुलदीप कुमार, सुरेश भट्ट मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, विनोद सुयाल भी मौजूद रहे।
ये पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए
पार्टी में चंपावत से गोविंद सिंह सामंत के नेतृत्व में चंपावत के ब्लॉक प्रमुख पति वीरेंद्र सिंह, प्रकाश बोरा, संजय रावत, बलवंत सिंह धामी, लक्ष्मण सिंह बोरा, त्रिलोक कुमार, गिरीश खर्कवाल, पुराण सिंह बोरा, मदन सिंह सामंत, कमल बिष्ट, सचिन जोशी, राकेश बोर शामिल हुए। वहीं चंपावत जिला कार्यालय में 20 क्षेत्र पंचायत सदस्यों व 14 ग्राम प्रधानों ने भाजपा की सदस्यता ली है। इसके अलावा रामनगर से पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष (ओबीसी मोर्चा) ममता गोस्वामी, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जगमोहन बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्वेता बिष्ट व अल्मोड़ा से कल्पना बोरा भाजपा में शामिल हुईं। पौड़ी से संजय गौड़ ने भाजपा की सदस्यता ली।