प्रदेश भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय जेपी नड्डा और अन्य केंद्रीय नेताओं के संभावित दौरों पर भी चर्चा हुई।
उधर, देरी पहुंचने के कारण जोशी प्रदेश कार्यालय में आयोजित चुनाव प्रबंधन के लिए गठित 33 समितियों की पहले चरण की बैठकों में शामिल नहीं हो पाए। उनके स्थान पर यह बैठक पार्टी की सह चुनाव प्रभारी लॉकेट चटर्जी और आरपी सिंह ने ली। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कुछ समय उपस्थित रहे और उसके बाद वह मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश चुनाव प्रभारी की बैठक में शामिल होने चले गए। मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी के रोडमैप के तहत निर्धारित कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रमों की प्रगति के साथ जरूरी मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रभारी और सह प्रभारी चुनाव प्रबंधन की 33 समितियों की अलग अलग समूहों में समीक्षा करेंगे।
गुरुवार को प्रभारी लेंगे चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक
गुरुवार को प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक लेंगे। बैठक में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, आरपी सिंह और लॉकेट चटर्जी मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रभारी जोशी श्रीनगर गढ़वाल में रुद्रप्रयाग, चमोली और पौड़ी जिले की कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इन बैठकों में वह चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे।
शाम को कार्यकर्ताओं से लेंगे फीड बैक
चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी शाम को देहरादून पहुंचेंगे। प्रदेश पार्टी कार्यालय में वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और उनसे फीड बैक लेंगे।