लगातार दो चुनावों से खटीमा से जीत रहे पुष्कर सिंह धामी ने 2012 में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र चंद को 15 हजार से ज्यादा मतों से हराया था जबकि 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के भुवन कापड़ी ने उन्हें कड़ी टक्कर दी थी। पिछले चुनाव में धामी महत 2709 मतों के अंतर से चुनाव जीते थे।
हॉट सीट बनी खटीमा
विधायक पुष्कर धामी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही खटीमा विधानसभा सीट हॉट सीट बन गई थी। यही वजह है कि कांग्रेस से लेकर प्रदेश के चुनाव में पहली बार उतरने वाली आम आदमी पार्टी की नजर इस सीट पर लगी हुई है। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में धामी को कड़ी टक्कर देने वाले भुवन चंद्र कापड़ी को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर उन्हें और मजबूत किया है। वहीं आम आदमी पार्टी ने यहां से प्रत्याशी तो घोषित नहीं किया लेकिन माना जा रहा है कि एएस कलेर यहां से आम आदमी पार्टी के दावेदार हो सकते हैं। कलेर भी यहां मजबूत पैठ रखते हैं।
डीडीहाट से लड़ने की उड़ रही हवा
मुख्यमंत्री का पैतृक गांव पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट के हड़खोला में है। सीएम बनने के बाद मुख्यमंत्री धामी वहां गए और उनके जाने के बाद गांव तक सड़क भी पहुंची। उनके लगातार पिथौरागढ़ दौरे से कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम धामी यहां से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि यह अभी कयास ही हैं।