कोटद्वार सीट पर विधायक डॉ. हरक सिंह रावत बेशक दूसरी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर कर चुके हैं। लेकिन इसकी एक वजह स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं का सुलग रहा असंतोष भी माना जा रहा है। इस सीट पर पार्टी की ओर से कई नेता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इनमें एक नाम पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह चौहान का भी बताया जा रहा है।
भाजपा शासित इन सीटों पर भी आंतरिक तनातनी
भाजपा कब्जे वाली कुछ अन्य सीटों पर भी टिकट की दावेदारी को लेकर आंतरिक तनातनी काफी तेज बताई जा रही है। कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे के पार्टी छोड़ देने के बाद भाजपा कब्जे वाली बाजपुर और नैनीताल सीट प्रभावित हो गई है। इन सीटों पर दावेदारी का नया संघर्ष शुरू हो गया है। गंगोत्री और देहरादून कैंट सीट पर सिटिंग विधायकों के असामयिक निधन के बाद राजनीतिक स्थितियां बदल गई हैं। अचानक दोनों सीटें टिकट की दावेदारी की जंग का अखाड़ा बन गई हैं।
आखिर क्यों सुलग रही है भाजपा में ये बगावत
1.भाजपा में लंबे समय से सक्रिय व निष्ठावान नेताओं और कार्यकर्ताओं को अपने राजनीतिक जीवन समाप्त हो जाने का खतरा सता रहा है।
2.कांग्रेस से भाजपा में आए लोगों को टिकट दिए जाने के बाद उनके पार्टी से उम्मीदवार बनाए जाने की संभावनाएं खत्म हो गई हैं।
3. प्रदेश सरकार बनने के बाद भी उन्हें संगठन या सरकार में किसी अहम जिम्मेदारी के योग्य नहीं समझा गया।
4.पार्टी के कई नेताओं की यह शिकायत रही कि भाजपा के टिकट पर विधायक बनें कुछ नेताओं ने संगठन और कार्यकर्ताओं की अनदेखी की। समानांतर अपने कार्यकर्ताओं की टीम खड़ी कर सिर्फ उनके हितों की परवाह की। पार्टी कार्यकर्ताओं के काम नहीं किए।
5. संगठन की रीति-नीति को नहीं माना और अपनी मनमर्जी से विकास योजनाओं को प्राथमिकता दीं।
2016 में अब तक की सबसे बड़ी बगावत
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले अब तक की सबसे बड़ी बगावत 2016 में तत्कालीन हरीश रावत सरकार के खिलाफ हुई थी। विधानसभा में वित्त विधेयक पर मतदान के समय सत्तापक्ष के नौ विधायक खुलकर प्रस्ताव के खिलाफ खड़े हो गए थे। बाद में बागी विधायक भाजपा में शामिल हो गए। 2017 में उनमें से आठ को भाजपा ने विधानसभा का टिकट दिया। इस बगावत का कांग्रेस को चुनाव में बड़ा नुकसान हुआ। चुनाव से कांग्रेस से बगावत को भाजपा में गए करीब 13 बागियों या उनके रिश्तेदारों ने चुनाव लड़ा, जिनमें से 10 चुनाव जीते।
भाजपा एक लोकतांत्रिक अनुशासित पार्टी है। जब तक प्रत्याशियों के नाम की घोषणा नहीं हो जाती है, हर कार्यकर्ता को पार्टी की रीति-नीति के हिसाब दावेदारी करने का अधिकार है। टिकट तय हो जाने के बाद सभी कार्यकर्ता पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए जी-जान से जुट जाते हैं।
- मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति पार्टियों ने टिकटों के वितरण को लेकर माथापच्ची शुरू कर दी है। कांग्रेस पार्टी में इसकी शुरूआत दो माह पूर्व स्क्रीनिंग कमेटी के गठन के साथ ही हो गई थी। अब तक इस कमेटी की तीन बैठकें हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से 45 के करीब टिकट फाइनल कर दिए गए हैं। टिकटों की घोषणा से पहले ही इस बीच कुछ सीटों पर असंतोष भी खुलकर सामने आने लगा है।
कुमाऊं की नैनीताल सीट पर भाजपा से कांग्रेस में शामिल हुए संजीव आर्य को टिकट दिए जाने की सुगबुगाहट के बीच पूर्व विधायक और प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरिता आर्य ने मोर्चा खोल रखा है। भाजपा की ओर से टिकट की गारंटी पर वह पार्टी भी छोड़ सकती हैं। ऐसे उन्होंने संकेत दिए हैं। पिछले चुनाव में उन्हें संजीव आर्य ने ही मात दी थी। संजीव ने उन्हें सात हजार से अधिक वोटों से हराया था। इसी तरह से उत्तरकाशी की तीन विधानसभा सीटों पर पार्टी को अंतर्कलह से जूझना पड़ रहा है। उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण के कांग्रेस में शामिल होने के बाद माना जा रहा है कि यमुनोत्री सीट पर पार्टी उन पर दांव खेल सकती है।
इधर, पहले से तैयारी कर रहे संजय डोभाल समर्थकों में असंतोष पनप रहा है। पुरोला सीट पर मालचंद की वापसी के बाद यहां भी पहले से तैयारी कर रहे नेताओं के बीच झुंझलाहट है। ऐसे ही धनोल्टी, सहसपुर, देहरादून कैंट, डोईवाला, ऋषिकेश, हरिद्वार और कुमाऊं की कुछ सीटों पर आने वाले समय में घमासान की स्थिति पैदा हो सकती है।
इधर, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय गाहे-बगाहे भाजपा नेताओं से मिल पार्टी की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। दबी जुबान में पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि वह वनाधिकार के एजेंडे पर दूसरे दलों के नेताओं से मिल रहे हैं तो इसके लिए रात का समय चुनने की क्या जरूरत है। इतना ही नहीं मीडिया कर्मियों के पूछने पर सवालों के जवाब देने के बजाए, उनसे भागना भी उनके इरादों पर शंका जाहिर करता है।
पार्टी में टिकट वितरण से पूर्व स्क्रीनिंग की प्रक्रिया जारी है। जहां तक कुछ सीटों पर असंतोष की बात है कि तो सभी की अकांक्षाएं रहती हैं। किसी की नाराजगी होगी तो मिल बैठकर बातचीत कर हल निकाला जाएगा। वैसे पार्टी में कहीं भी असंतोष जैसी कोई बात नहीं है ।
- गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष