उत्तराखंड विधानसभा का चुनाव निपट जाने के बाद अब सत्तारूढ़ भाजपा के प्रत्याशियों के तीखे तेवर सामने आ रहे हैं। सोमवार को लक्सर के विधायक संजय गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर अपने चुनाव में हार की साजिश रचने का आरोप लगाकर सनसनी पैदा कर दी। अब कुमाऊं मंडल से पार्टी के दो और विधायकों ने चुनाव में भितरघात का आरोप लगाया है। आरोप लगाने वालों में पहले पार्टी विधायक कैलाश गहतोड़ी है।
गहतोड़ी और चीमा ने भी लगाए भितरघात के आरोप
बनबसा/काशीपुर में मतदान के बाद चंपावत से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े विधायक कैलाश गहतोड़ी ने भितरघात होने की बात कही है। उन्होंने संगठन के कुछ लोगों पर भाजपा के बजाय अन्य दलों के प्रत्याशियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में प्रमाण के साथ पार्टी नेतृत्व में शिकायत दर्ज कराने की भी बात कही है। गहतोड़ी ने मंगलवार को अपने आवास पर पत्रकार वार्ता के दौरान यह बात कही।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand Election 2022: पूर्व सीएम हरीश रावत ने कही दिल की बात, मुख्यमंत्री बनूंगा या घर बैठ जाऊंगा
उधर, काशीपुर विधायक हरभजन सिंह चीमा ने भी भितरघात की बात कही है। उन्होंने कहा कि काशीपुर में मतदान घटने का एक कारण कुछ भाजपा के गद्दारों का दुष्प्रचार रहा। चीमा ने मंगलवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता ये आरोप लगाए। हालांकि चीमा ने दुष्प्रचार करने वालों के नाम नहीं बताए। इतना कहा कि पार्टी हाईकमान उनके नाम जानती है। कहा कि जिन्होंने भी भितरघात किया है, उनके विषय में पार्टी हाईकमान को पता है।
विधायक संजय गुप्ता का जवाब तलब करेगी भाजपा
प्रदेश भाजपा लक्सर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी विधायक संजय गुप्ता का जवाब तलब करेगी। संजय ने प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर चुनाव हराने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनके बयान से कौशिक ही नहीं पूरी पार्टी स्तब्ध है। पार्टी ने उनकी बयानबाजी का संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कहा कि बयान की सत्यता की जांच की जा रही है। संजय हरिद्वार जिले की लक्सर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से विधायक संजय गुप्ता के बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि बयान की सत्यता की जांच की जा रही है।