407 गांवों तक सड़क पहुंचाने के लिए 2900 करोड़
प्रदेश में 150 से 249 आबादी वाले 407 गांवों तक सड़क पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2900 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी। इन गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए 3200 किमी. सड़क बनाया प्रस्तावित है। योजना के तीसरे चरण के तहत 2000 किमी. सड़क बनाई जानी है। 858 करोड़ की 1123 किमी. सड़कों की डीपीआर केंद्र को भेजी जा चुकी है। 877 किमी की डीपीआर तैयार है, जिसे राज्य तकनीकी एजेंसी को भेजा जा चुका है।
इको टूरिज्म का बजट कम
पर्यटन राज्य होने के नाते रिपोर्ट में ईको टूरिज्म को राज्य की आर्थिकी की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है, लेकिन साथ ही यह चिंता जताई गई है कि चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 में इस योजना में 25.01 लाख के बजट का ही प्रावधान किया, जो योजना के महत्व देखते हुए कम है।
राज्य में वनों के लिए चुनौतियां भी
रिपोर्ट बताती है कि बढ़ती जनसंख्या से वनों पर भारी दबाव। शहरीकरण के कारण वन्यजीवों के वास स्थलों पर प्रभाव, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ीं। जलवायु परिवर्तन के कारण वनों में प्रजातियों पर प्रभाव तथा जल स्रोतों की कमी। ग्लेशियरों का पिघलना और आपदा से भूस्खलन के कारण वनों को नुकसान।
खेल महाकुंभ में तीन लाख खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग
प्रदेश में वर्ष 2022-23 में हुए खेल महाकुंभ में तीन लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसके लिए न्याय पंचायत, ब्लॉक और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आर्थिक सर्वेक्षण की 2022-23 की रिपोर्ट के मुताबिक इसके लिए करीब 9.96 करोड़ धनराशि अवमुक्त हई। इसमें से करीब 5.26 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
पीआरडी स्वयं सेवकों को मिलेगा अर्द्ध सैनिक प्रशिक्षण
आर्थिक सर्वेक्षण की रिपोर्ट के मुताबिक पीआरडी जवानों को दोबारा 15 दिवसीय अर्द्ध सैन्य प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद इन्हें जनोपयोगी कार्य, निर्वाचन कार्य, धार्मिक पर्वों, यात्रा सीजन, मेला एवं आपदा प्रबंधन आदि कार्यों में डयूटी उपलब्ध कराकर रोजगार प्रदान किया जाएगा। इस योजना के लिए वर्ष 2022-23 में 9.95 लाख की धनराशि स्वीकृत है। इसके तहत 173 स्वयं सेवकों को प्रशिक्षण दिया जाना है।