यूपी सरकार की ओर से सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल चुकी है। राज्य संपत्ति विभाग को सीएम के स्पष्ट निर्देश हैं कि जैसे ही भूमि आवंटित होगी, उस पर भवन निर्माण शुरू हो जाए। जाहिर है कि इस काम को सीएम धामी इसी साल कर लेना चाहते हैं।
राज्य में जबरन धर्म परिवर्तन के खिलाफ सरकार पहले ही सख्त कानून बना चुकी है। अब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर इसका जन-जन तक प्रचार करने का जिम्मा डाला गया है। पार्टी ने बूथ स्तर तक सरकार के जिन बड़े फैसलों को लोगों तक पहुंचाने की कार्ययोजना तैयार की है, उसमें धर्मांतरण रोकने का कानून सबसे ऊपर है।
जोर पकड़ेगा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का नारा
केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण कार्यों और मास्टर प्लान के तहत बदरीनाथ धाम की कायाकल्प योजना के जरिये प्रदेश में भाजपा सांस्कृतिक राष्ट्रवाद का नारा बुलंद करेगी। जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आएंगे, ये नारा और जोर पकड़ेगा। इसके साथ ही धामी सरकार मानसखंड गलियारे में शामिल मंदिरों में अवस्थापना सुविधाओं की योजनाओं में तेजी लाएगी। यह तेजी हरिद्वार में हर की पैड़ी गलियारा बनाने की योजना में भी दिखाई देगी। इन सभी योजनाओं को धामी सरकार ने अपनी सर्वोच्च प्राथमकिता में शामिल किया है और हाल ही में पेश बजट में इसका प्रमुखता से जिक्र किया गया है। हिंदू और स्थानीय लोक उत्सवों को बढ़ावा देकर भी इस एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।