देहरादून और हरिद्वार में बस, विक्रम और ऑटो को नए परमिट जारी होंगे। इसके लिए संभागीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) गढ़वाल मंडल की बैठक मार्च में होने जा रही है। विधानसभा बजट सत्र के बाद बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें एक ओर जहां परमिट जारी होंगे तो दूसरी ओर पुराने वाहनों और नए रूटों को लेकर भी अहम फैसला हो सकता है।
आरटीए की बैठक अब तक पांच बार निर्धारित की जा चुकी है लेकिन हर बाद रद्द हो गई। अब बैठक की नई तिथि तय की जा रही है। पहले यह बैठक 2019 में चार नवंबर को होनी थी। पंचायत चुनाव की आचार संहिता लगने के कारण इसका आयोजन नहीं हो पाया। इसके बाद 19 नवंबर 2019 को बैठक तय की गई, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के चलते आचार संहिता लग गई।
इसके बाद बैठक की नई तिथि 16 दिसंबर 2019 तय की गई थी लेकिन पंचायतों की रिक्त सीटों पर मतदान की आचार संहिता की वजह से बैठक नहीं हो पाई। इसके बाद 21 जनवरी 2020 को बैठक तय की गई, लेकिन नहीं हो पाई।
इसके बाद 10 फरवरी 2020 को बैठक होनी थी, लेकिन रद्द कर दी गई थी। कोरोना के चलते 2020 में इस बैठक की कोई तिथि तय ही नहीं हो पाई। लिहाजा, अब परिवहन सचिव शैलेश बगोली ने मार्च में विधानसभा बजट सत्र के बाद यह बैठक कराने के निर्देश दिए हैं। आरटीए सचिव दिनेश चंद्र पठोई ने बताया जल्द ही बैठक के लिए मार्च की तिथि जारी कर दी जाएगी।
नए रूटों पर मिलेंगे परमिट, बसों की संख्या भी बढ़ेगी
आरटीए की बैठक में दून-सेलाकुई सिटी बस के अलावा दून से कालसी मार्ग पर निजी बसों के परमिट, परेड ग्राउंड और रायपुर से मालदेवता मार्ग पर सिटी बसों की संख्या को बढ़ाने पर फैसला होना है। इसके अलावा पुराने रूटों पर परमिट की संख्या बढ़ाने और नए रूटों पर नए परमिट जारी करने का फैसला लिया जाएगा।
परेड ग्राउंड से शिमला बाईपास पर भी मिनी बसों की भी संख्या बढ़ाई जानी है। शहर में आंतरिक मार्गों पर टाटा मैजिक भी बढ़ाने पर फैसला होना है। तकरीबन सवा दो साल बाद होने जा रही प्राधिकरण बैठक में एजेंडा परिवहन सेवाओं में बढ़ोतरी का है। आरटीए सचिव दिनेश चंद्र पठोई ने बताया कि आरटीए की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जानी है।
दून-सेलाकुई के बीच चल सकती हैं सिटी बसें
आरटीए की बैठक में देहरादून से सेलाकुई के बीच सिटी बस संचालन को लेकर भी अहम फैसला हो सकता है। दरअसल, सिटी बस महासंघ की ओर से दून-सेलाकुई के बीच सिटी बसें चलाने का प्रस्ताव दिया गया है, जबकि विकासनगर-डाकपत्थर बस यूनियन इसका लगातार विरोध कर रहा है।
सिटी बस महासंघ के अध्यक्ष विजय वर्धन डंडरियाल के मुताबिक, विकासनगर-डाकपत्थर से दून आने वाली निजी बसें मंडी होते हुए सीधे आईएसबीटी चली जाती हैं लेकिन सिटी बस अगर सेलाकुई से दून के बीच चलेगी तो लोगों को सीधे घंटाघर और राजपुर रोड आदि क्षेत्रों में जाना आसान हो जाएगा। हालांकि इस विवादित मुद्दे पर अंतिम फैसला आरटीए बैठक में ही होगा।