धमाके की साजिश, तेलंगाना के जुबेर ने दिए थे डेटोनेटर
देहरादून। सुरक्षा एजेंसियों की जांच में एक बड़े आतंकी षड्यंत्र का खुलासा हुआ है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहम्मद सलाउद्दीन एक बड़े धमाके को अंजाम देने की साजिश में शामिल था। इसके लिए तेलंगाना निवासी जुबेर नामक व्यक्ति ने चार डेटोनेटर उपलब्ध कराए थे। इसके साथ ही उसे आर्थिक सहायता भी दी गई थी। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि डेटोनेटर किस उद्देश्य से मंगाए गए थे और संभावित लक्ष्य क्या था। अधिकारियों को आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता था।
रामपुर के युवक को भी जिहादी नेटवर्क में फंसाने की थी साजिश
उत्तराखंड एसटीएफ ने सोशल मीडिया के जरिये युवाओं को कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से जोड़ने वाले नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गदरपुर निवासी मोहम्मद सलाउद्दीन को गिरफ्तार करने के बाद जांच में एक और अहम खुलासा हुआ है। वह रामपुर के युवक अताउल्ला समीर को भी जिहादी विचारधारा से जोड़ रहा था। एसटीएफ ने उससे भी पूछताछ की है।
एसएसपी एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद सलाउद्दीन के मोबाइल फोन की जांच के दौरान इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और सिग्नल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई संदिग्ध चैट और समूह मिले। इनमें जिहाद, शहादत और राष्ट्रविरोधी विचारों से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने के प्रमाण सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी युवाओं को प्रभावित कर उन्हें उग्र और कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था।
पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी अताउल्ला समीर नामक युवक से उसके संपर्कों की जानकारी मिली। इसके बाद एसटीएफ की विशेष टीम रामपुर में दबिश देकर समीर को पूछताछ के लिए देहरादून लाई। एसटीएफ कार्यालय में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया इकाइयों द्वारा उससे गहन पूछताछ की गई।
जांच में सामने आया कि समीर को इस नेटवर्क से जुड़े लोग देशविरोधी गतिविधियों के लिए उकसा रहे थे। सोशल मीडिया के माध्यम से उसे कट्टरपंथी और जिहादी विचारधारा से जोड़ने के साथ सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और देश की सुरक्षा के खिलाफ भड़काने के प्रयास किए जा रहे थे। विस्तृत पूछताछ और तकनीकी जांच के बाद समीर को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसटीएफ ने उसका मोबाइल फोन फाॅरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने वाले तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है।