मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने पहाड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के बुरे हाल अपनी आंखों से देखे हैं। उनकी नजरों के सामने तमाम ऐसे वाकये हुए हैं, जब इलाज न मिलने की वजह से लोगों की जान चली गई। इसलिए उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अपनी प्राथमिकता में रखा हुआ है।
आज प्रदेशभर में करीब 2500 चिकित्सक उपलब्ध हैं। जल्द ही करीब 400 और चिकित्सक मिल जाएंगे। इसके अलावा करीब 1400 नर्सिंग स्टाफ भी नियुक्त होने जा रहा है। प्रदेश में अगले कुछ वर्षों के भीतर मेडिकल और पैरामेडिकल संस्थानों की संख्या में भी इजाफा होने जा रहा है।
कोरोना से बचाव के लिए होंगी प्रतियोगिताएं
कोरोना से जंग जीत चुके लोगों के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे युवाओं के लिए सरकार जल्द ही प्रतियोगिताएं आयोजित करने जा रही है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि इसके लिए योजना के तहत जल्द ही प्रविष्टियां मांगी जाएंगी। उन्होंने सभी लोगों से आह्वान किया कि वह भी जनता के बीच हौसला बढ़ाएं।