प्रदेश सरकार के खिलाफ कांग्रेस मार्च में आरोप पत्र लेकर आएगी। तैयार किए जा रहे आरोप पत्र में प्रदेश सरकार के कथित भ्रष्टाचार के मामलों के साथ ही विफलताओं, नीति के स्तर पर कमियों, आपदा प्रबंधन में लापरवाही आदि के मामलों को शामिल किया जा रहा है।
कांग्रेस भवन में बृहस्पतिवार को आरोप पत्र समिति की बैठक में कई मुद्दों पर बातचीत की गई। समिति के अध्यक्ष नवप्रभात, नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक दल के उपनेता करन माहरा सहित समिति के अन्य सदस्य इस बैठक में शामिल हुए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि आरोप पत्र समिति तथ्यात्मक आरोप पत्र तैयार कर रही है। पार्टी के संगठन जिलों के अध्यक्षों से भी कहा गया है कि वे अपने स्तर से जानकारी भी समिति को दें। बाद में राज्य अतिथि गृह में मीडिया से मुखातिब पार्टी के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा कि 18 मार्च को आरोप पत्र जारी किया जाएगा। आरोप पत्र समिति की बैठक में प्रभारी को भी शामिल होना था, लेकिन वे करीब दो घंटे देर से देहरादून पहुंच पाए।
इधर आरोपों पर बातचीत, उधर हरीश रावत ने थपथपाई सरकार की पीठ
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने ट्वीट कर सरकार को प्रदेश में महिलाओं को भूमिधरी का अधिकार देने पर बधाई दी। रावत ने लिखा कि प्रदेश सरकार भी कभी-कभी समझदारी का काम कर लेती है। इससे पहले भी चमोली में आपदा प्रबंधन के मामले में हरीश रावत अपनी तरफ से प्रदेश सरकार की तारीफ कर चुके हैं। हालांकि, कुंभ के मामले में वे प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा करने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं।