देश भर में 500 और 1000 रुपए के नोट बंद होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस आक्रामक मोड में दिखी। वहीं सूबे के मुखिया हरीश रावत का कहना है कि दिल्ली जो कहे वो सही बाकी सब देश द्रोही हैं।
रविवार को उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय सहित अन्य नेताओं ने नोट बंदी पर मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हाथीबड़कला स्थित आईसीआईसीआई बैंके के बाद कांग्रेस के नेता ने प्रदर्शन किया।
उधर, नोट बंदी पर सूबे के मुखिया हरीश रावत ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली जो कहे वो सही बाकी सब देश द्रोही हैं।
रावत ने अफसरों की बैठक ली और नोट बंदी से जनता को अधिक से अधिक राहत देने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए। जिसके तहत किसी भी आईडी कार्ड पर सरकारी अस्पतालों में मुफ्त जांच की सुविधा दी जाएगी। दूरदराज इलाकों में मोबाइल एटीएम संचालित होंगे।
किसानों के बिजली बिलों की वसूली में 50 फीसद की छूट मिलेगी। जनता को राहत देने के लिए मुख्य सचिव बैंकर्स से बात करेंगे। इसके साथ ही हरीश रावत ने बैंकों में वृद्ध, शादी और पेंशन के मामलों के लिये अलग कतार लगवाने की सुविधा के निर्देश भी दिए।