फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: बहुप्रतिक्षित डोबरा-चांठी पुल जनता को समर्पित, सीएम त्रिवेंद्र ने किया लोकार्पण

Sun, 08 Nov 2020 08:04 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टिहरी
विज्ञापन
डोबरा चांठी पुल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

देश का पहला सबसे लंबा भारी वाहन झूला पुल डोबरा-चांठी रविवार को जनता को समर्पित हो गया। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पुल का लोकार्पण किया। सीएम ने कहा कि आईटीबीपी जल्द ही झील में वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां शुरू करेगी।

विज्ञापन


जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सरकार जल्द ही 700 डॉक्टरों और एक हजार नर्सों की नियुक्ति करने जा रही है। सीएम ने जनता इंटर कॉलेज मांजफ के राजकीयकरण करने की घोषणा की।


टिहरी झील के ऊपर करीब तीन सौ करोड़ की लागत से बने 725 मीटर लंबे डोबरा-चांठी पुल का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस और दीपावली का प्रतापनगर की जनता को यह सबसे बड़ा तोहफा है। पुल से टिहरी और उत्तराखंड के लिए विकास का बड़ा द्वार खुल गया है।
विज्ञापन




यह भी पढ़ें: छह करोड़ की लाइटिंग से जगमगाया उत्तराखंड का ये पुल, दिल्ली के सिग्नेचर ब्रिज को दे रहा टक्कर, तस्वीरें...

टिहरी बांध से उत्पन्न बिजली और पानी से उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित देश के अन्य कई राज्यों को लाभ मिल रहा है, लेकिन यह बांध प्रतापनगर के लिए अभिशाप माना जा रहा था। भाजपा सरकार ने बांध प्रभावितों के दुखों को समझते हुए पुल निर्माण पूरा करवाया।

इसके लिए राज्य के बजट से कटौती कर करीब 88 करोड़ एकमुश्त अवमुक्त कराए। टिहरी सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा प्रतापनगर अब विकास की मुख्य धारा से जुड़ गया है। प्रतापनगर विधायक विजय सिंह पंवार ने पुल के लिए क्षेत्रीय जनता के संघर्ष को याद किया। 

इस मौके पर टिहरी विधायक डॉ. धन सिंह नेगी, घनसाली शक्ति लाल शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण,  भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, रोशनलाल सेमवाल, अब्बल सिंह बिष्ट, अतर सिंह तोमर, ब्लॉक प्रमुख प्रदीप चंद रमोला,  सुनीता देवी, बसुमति घणाता, प्रभा बिष्ट, गोविंद रावत, हर्षमणी सेमवाल, खेम सिंह चौहान, जयेंद्र सेमवाल, त्रिलोक रावत, परमवीर पंवार, भान सिंह नेगी, बेबी असवाल, विक्रम कैठत आदि उपस्थित रहे। इससे पहले सीएम ने जिले की चार अरब 73 करोड़ आठ हजार की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया।

कम समय देते हैं, फिर कहते हैं सांसद बोलतीं नहीं

डोबरा-चांठी पुल लोकार्पण पर टिहरी सांसद मालाराज्य लक्ष्मी शाह ने कहा कि जब से सांसद बनीं तब से पुल का निर्माण पूरा करना मेरे लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। सरकार ने पुल का तोहफा दे दिया मुझे बड़ी खुशी है। बोलना बहुत कुछ था, लेकिन मुझे बोलने के लिए बहुत कम समय देते हैं। फिर बाद में कहते भी हैं कि सांसद बोलती नहीं।

टिहरी का डूबना था बड़ा भावुक क्षण : सीएम
सीएम ने कहा कि टिहरी झील बनते समय मैने गांवों को डूबते हुए भी देखा, जिस दिन कंडल गांव डूब रहा था उस दिन मैं स्वयं वही था। बड़ा भावुक क्षण था। पुरखों से विरासत में मिली परिसंपत्तियां, मकान और खेतों को डूबता देख हर किसी के आंखों में आंसू थे। सरकार बांध प्रभावितों के आंसू पौछने का काम कर रही है।

टिहरी को 13 डिस्ट्रिक्ट-13 डेस्टिनेशन में शामिल किया है। भविष्य में डोबरा पुल और टिहरी झील पर्यटन का बड़ा केंद्र बनने जा रही है। भविष्य में झील लाखों लोगों को रोजगार देगी। कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस पर कार्य कर रही है। भ्रष्टाचार के खिलाफ धर्मयुद्ध शुरू किया है। किसानों के कल्याण को सरकार बिना ब्याज तीन लाख और महिला समूहों को पांच लाख तक ऋण दे रही है।
विज्ञापन

फायर बिग्रेड का वाटर टैंकर दुर्घटनाग्रस्त, चार जवान घायल

नरेंद्रनगर से डोबरा-चांठी पुल के लोकार्पण कार्यक्रम में जा रहा फायर बिग्रेड का वाटर टैंकर गाजणा के पास अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे वाहन में सवार अग्निशमन विभाग के चार जवान घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया है। एक जवान को ज्यादा चोट आने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। थाना पुलिस ने बताया कि अग्निशमन विभाग का वाटर टैंकर रविवार सुबह डोबरा-चांठी सीएम की सुरक्षा में जा रहा था।

कोटीकालोनी रोड पर गाजणा गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स ने घायल चालक प्रवीण राणा, फायरमैन नरेंद्र तोमर, अभिषेक शर्मा और विक्रम तोमर को खाई से निकालकर जिला चिकित्सालय बौराड़ी में भर्ती कराया। थाना पुलिस ने बताया कि फायरमैन नरेंद्र तोमर को ज्यादा चोट आने पर जौलीग्रांट रेफर किया गया है, जबकि तीन अन्य जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वाहन चालक ने दुर्घटना का कारण ब्रेक फेल होना बताया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें