मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुलों के निर्माण में तेजी लाने के लिए सेतु प्रकोष्ठ बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री राज्य सचिवालय में अल्मोड़ा और नैनीताल जिले में घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान पुलों के प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने ये निर्देश दिए।
बैठक में विधानसभा सदस्यों ने पर्वतीय क्षेत्रों में वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों की समस्या का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में पार्किंग स्थलों की समस्या के समाधान की तलाश करें। उन्होंने उपलब्ध स्थानों का सही तरीके से इस्तेमाल करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में फर्नीचर, कंप्यूटर एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। राज्य में नए आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों में और तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकाल को देखते हुए पेयजल से संबधित घोषणाओं को जल्द पूरा किया जाए।
अल्मोड़ा और नैनीताल में सीएम घोषणाओं की प्रगति
जिला कुल घोषणाएं पूरी कार्य प्रगति पर
अल्मोड़ा 164 102 62
नैनीताल 147 95 52
ये विधायक और अफसर रहे मौजूद
बैठक में महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्य, विधायक वंशीधर भगत, दीवान सिंह बिष्ट, रामसिंह कैड़ा, करन माहरा, वर्चुअल माध्यम से विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, विधायक संजीव आर्य, नवीन चंद्र दुम्का, महेश नेगी उपस्थित थे। बैठक में अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आरके सुधांशु, अमित नेगी, आर मीनाक्षी सुंदरम, शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, हरबंस सिंह चुघ, दिलीप जावलकर, सुशील कुमार, प्रमुख वन संरक्षक राजीव भरतरी, वर्चुअल माध्यम से कुमाऊं कमिश्नर अरविंद सिंह ह्यांकी, जिलाधिकारी अल्मोड़ा नितिन भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल धीराज गर्ब्याल एवं सबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
अल्मोड़ा में हैंडपंप व पेयजल लाइनों के कार्यों में तेजी लाई जाए
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अल्मोड़ा में हैंडपंप एवं पेयजल लाइनों के पुनर्गठन से संबंधित कार्यों में तेजी लाई जाए। जो कार्य जल जीवन मिशन के तहत किए जाने हैं, वे मार्च तक शुरू हो जाएं। जिले में जिन नई पेयजल योजनाओं की घोषणा की गई, उनके निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। पौराणिक मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं ईको टूरिज्म की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सुनियोजित रणनीति से कार्य किए जाएं।
हल्द्वानी में सैनिकों के बच्चों के लिए छात्रावास बनाने के लिए भूमि तलाशी जाए
नैनीताल जिले में घोषणाओं की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हल्द्वानी में सैनिकों के बच्चों के लिए छात्रावास निर्माण के लिए जल्द भूमि चिन्हित कर ली जाए। उन्होंने पेयजल के लिए नलकूप निर्माण एवं हैंडपंप स्थापना से संबधित कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। कहा कि सड़कों के मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।