भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी दायित्वधारियों से संगठनात्मक विषयों पर संवाद किया। उन्होंने दायित्वधारियों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। कहा कि आगामी दिनों में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए दायित्वधारियों की अलग-अलग मंडलों में जिम्मेदारी तय की जाएंगी। सभी दायित्वधारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक प्रभावी माध्यम है। सभी दायित्वधारी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बनाते हुए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाएं।
जीत की हैट्रिक के लिए दायित्वधारी भी सजाएंगे फील्डिंग
आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लिए दायित्वधारी भी फील्डिंग सजाएंगे। दायित्वधारी कार्यालयों में बैठने के बजाय सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने व समन्वय बनाने के लिए जमीनी स्तर काम करेंगे। प्रदेश सरकार ने विभिन्न आयोगों, निगमाें, प्राधिकरणों व बोर्डों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य, सलाहकार के पदों पर लगभग 100 से अधिक दायित्वधारी नामित किए हैं। भाजपा संगठन की ओर से दायित्वधारियों को चुनावी मोर्चे पर उतारने की रणनीति बनाई गई है। अब ये लगभग सभी कार्यक्रमों में भूमिका निभाएंगे। आने वाले समय में पार्टी की ओर से प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा के साथ रक्षाबंधन पर कार्यक्रम होंगे। इसमें दायित्वधारियों की भागीदारी तय की जाएगी।