पिछले हफ्ते अपर मुख्य सचिव कार्मिक राधा रतूड़ी ने सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, सचिवों व प्रभारी सचिवों को पत्र भेजा था कि वे मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में शिरकत करेंगे। इस बैठक में सभी विभागों से 27 नवंबर तक खाली पदों से संबंधित सूचनाओं के साथ उपस्थित होने को कहा गया था।
पत्र में सूचना भेजने का एक प्रारूप दिया गया था, जिसमें प्रत्येक विभाग को स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों के ब्योरे के साथ उनके भेजे गए अधिायचन का विवरण भी देना है। उन्हें यह भी बताना है कि विभिन्न आयोगों को भेजे गए अधियाचन पर भर्ती के लिए कब कब प्रवेश परीक्षा हुई।
आयोगों की सच्चाई का भी पता चलेगा
भर्ती प्रक्रिया में तेजी के लिए मुख्यमंत्री अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और लोकसेवा आयोग से भी बात कर चुके हैं। शुक्रवार की बैठक में विभागों द्वारा भेजे गए अधियाचन (प्रस्ताव) और उनके आधार पर आयोगों द्वारा भर्ती प्रक्रिया में हो रही देरी की सच्चाई का भी पता चलेगा।
अनुभागों में तैयार होता रहा ब्योरा
बृहस्पतिवार को राज्य सचिवालय के कई अनुभागों में दिन भर सीएम की समीक्षा बैठक के लिए ब्योरे तैयार होते रहे। अनुभाग अधिकारी विभागों से स्वीकृत पदों और खाली पदों के ब्योरे के साथ उनके कारणों की भी जानकारी जुटा रहे थे।