जिला जेल में मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला जारी है। बुधवार की शाम को भी जेल में एक मोबाइल फोन मिलने पर हड़कंप मच गया। जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने इस संबंध में सिडकुल थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
बृहस्पतिवार को जेल अधीक्षक अशोक कुमार ने सिडकुल थाना पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी। बताया कि बुधवार की शाम वह रोजाना की तरह सामान्य चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बैरक संख्या चार में सफेद रंग का एक मोबाइल फोन मिला। फोन के अंदर सिम कार्ड भी मौजूद था और बाकायदा बैट्री भी लगी हुई थी।
जेल अधीक्षक ने आईजी जेल पीवीके प्रसाद को इस संबंध में जानकारी दी। एसओ प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि जेल अधीक्षक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सिम कार्ड को खंगाला जाएगा ताकि पता चल सके कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल किस किस शख्स से बात करने में हो रहा था।