लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दर्शन दे दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पीएम से राज्य के लिए विशेष पैकेज की मांग की है।
लंबे इंतजार के बाद प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात पर रावत ने प्रदेश के विकास में आ रही दिक्कतों की विस्तार से चर्चा की और मोदी को लंबा मांग पत्र भी सौंपा। उन्होंने प्रधानमंत्री को केदारनाथ और बदरीनाथ की यात्रा के लिए न्योता भी दिया जिसे मोदी ने स्वीकार कर लिया है।
मुलाकात के बाद रावत ने कहा कि पीएम से बातचीत सकारात्मक रही है। मोदी नवंबर में केदारनाथ के कपाट बंद होने से पहले वहां की यात्रा कर सकते हैं। उत्तराखंड में स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों पर मोदी ने संतोष जताया है।
मुलाकात में ग्रीन बोनस, विशेष राज्य के दर्जे के तहत सुविधाएं और नीति आयोग द्वारा नई व्यवस्था से राज्य को होने वाले नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई। रावत ने राज्यों के लिए बजट में रखे गए 20 हजार करोड़ के स्पेशल विंडो में से 4 हजार करोड़ रुपये उत्तराखंड के लिए रिजर्व करने की मांग की। साथ ही विशेष सहायता मद में 1062 करोड़ भी इसी विंडो से मंजूर किए जाएं।