देहरादून स्थित बीजापुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हरीश रावत बदरीनाथ, कर्णप्रयाग और थराली विधानसभाओं पर खासे मेहरबान रहे। बुधवार को मुख्यमंत्री की घोषणाओं की समीक्षा बैठक में तीनों ही विधानसभाओं में मुख्यमंत्री ने नई तहसीलों के गठन को स्वीकृति दी।
जोशीमठ औली विकास प्राधिकरण बनाने का ऐलान किया और कई शिक्षण संस्थान स्थापित करने को स्वीकृति दी। विधानसभाओं की समीक्षा बैठक में यह भी निकल कर आया कि मार्च माह तक हुई मुख्यमंत्री घोषणाओं में 50 प्रतिशत ही पूर्ण हो पाईं।
सबसे खराब हालत कर्णप्रयाग की रही जहां 44 घोषणाओं में से केवल 12 ही पूर्ण हो पाईं। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में विभागों को क्षमता विकास पर ध्यान देने का निर्देश दिया। आपदा राहत से संबंधित लंबित मामलों को तुरंत निस्तारित करने को कहा।
विभागों को अपनी जमीन की इंवेंट्री बनाने को निर्देश दिया। बैठक में विधानसभा उपाध्यक्ष एके मैखुरी, सभा सचिव थराली जीत राम, बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, मुख्य सचिव राकेश शर्मा, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री ओमप्रकाश आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री की मेहरबानियां
- राजकीय महाविद्यालय पोखरी में बीएड कॉलेज
- गोपश्वर में एमएड
- पीपलकोटी में नगर पंचायत, स्टेडियम और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना
- पोखरी में बीफार्मा
- जड़ीबूटी शोध संस्थान गोपेश्वर परिसर में आईटीआई की स्थापना, स्वतंत्र रूप से निदेशक की तैनाती
- लस्यारी में एलोपेथिक डिस्पेंसरी
- जोशीमठ में उप मंडी
- देवाल में तहसील
- थराली में नगर पंचायत
- गौचर में होम्योपैथिक अस्पताल
- सिमली में महिला बेस अस्पताल
- सिदोली में डिस्पेंसरी
- मेहलचैरी में पटवारी चौकी
- नंदप्रयाग में तहसील
- गैरसेंण में राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का भवन निर्माण, बाल सुधार गृह
- मैथान में खेल मैदान
- गैरसैंण और कर्णप्रयाग आईटीआई का आधुनिकीकरण
- वार्षिक नंदा लोकजात का रोड मैप तैयार करने का निर्देश
मुख्यमंत्री घोषणाओं की यह रही स्थिति
मार्च 2015 तक बद्रीनाथ विधानसभा के लिये 31 घोषणा की गई थी जिनमें से 14 पूर्ण। थराली विधानसभा क्षेत्र के लिए 32 घोषणाएं की गई थी जिनमें 19 पूर्ण। कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के लिए 44 घोषणायें की गई जिनमें 12 पूर्ण।