वैश्विक निवेशक सम्मेलन के लिए बुधवार को नई दिल्ली में हुए रोड शो में 19,385 करोड़ के निवेश पर करार हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में निवेशकों के साथ निवेश प्रस्ताव पर एमओयू हस्ताक्षर किए गए।
प्रदेश सरकार और जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी के बीच 15 हजार करोड़ के निवेश पर एमओयू हुआ, जो पंप स्टोरेज परियोजना में निवेश करेगी। इससे एक हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। नई दिल्ली के एक होटल में रोड शो के दौरान उत्तराखंड को निवेश के मामले में बड़ी कामयाबी मिली है। सरकार ने जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी समेत अन्य कंपनियों के साथ 19,385 करोड़ के निवेश एमओयू किया गया।
देहरादून: सीएम धामी ने किया राष्ट्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का शुभारंभ, 22 राज्यों के जनजाति छात्र हुए शामिल
इसके अलावा यथार्थ हॉस्पिटल ने चिकित्सा में, डीएस ग्रुप ने फूड प्रोसेसिंग, डिक्सन टेक्नोलॉजी ने इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण, रेडिशन ग्रुप ने होटल, ओबरॉय समूह ने रिसॉर्ट, एसएलएमजी ने वेलनेस, कोमयूस्म, टीडब्ल्यूआई, बीएसएस के साथ 4385 करोड़ का एमओयू हुआ। इससे प्रदेश में हजारों लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।
लंदन, बर्मिघम, नई दिल्ली में हुए रोड शो में अब तक 40 हजार करोड़ के निवेश पर करार हुआ है। सीएम धामी ने कहा, रोड शो में निवेशकों के साथ हुआ करार वैश्विक निवेशक सम्मेलन की सफलता को दर्शाता है। इससे राज्य में पंप स्टोरेज प्लांट, सीमेंट, ट्रेनिंग सेंटर, पेयजल, कुमाऊं के प्राचीन मंदिरों में अवस्थापना विकास, सौंदर्यीकरण के लिए मानसखंड मंदिर माला मिशन में सीएसआर के तहत सहयोग मिलेगा।
सीएम ने कहा, राज्य सरकार की मुख्य चिंता राज्यों से हो रहा पलायन है। पलायन तभी रुकेगा, जब राज्य में निवेश आएगा और उद्योग लगेंगे। इस मौके पर सचिव डॉ. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव उद्योग विनय शंकर पांडेय, सचिव पर्यटन सचिन कुर्वे, एमडी सिडकुल रोहित मीणा व जेएसडबल्यू नियो एनर्जी लिमिटेड के निदेशक ज्ञान बद्र कुमार मौजूद रहे।
अल्मोड़ा में निवेश करेगी जेएसडब्ल्यू एनर्जी
एमओयू के तहत जेएस डब्ल्यू एनर्जी 1500 मेगावाट क्षमता के अल्मोड़ा में दो पंप स्टोरेज परियोजनाएं स्थापित करने में 15,000 करोड़ का निवेश करेगी, जिसे अगले पांच से छह वर्षों में विकसित किया जाएगा। अल्मोड़ा के जोसकोटे गांव में साइट-एक में यह योजना निचला बांध-जलाशय कोसी नदी से आठ से 10 किमी की दूरी पर प्रस्तावित है। इसके अलावा अल्मोड़ा के कुरचौन गांव में साइट-दो में यह ऊपरी जलाशय कोसी नदी से 16 किमी की दूरी पर प्रस्तावित है। इस योजना से एक बड़ी आबादी को पेयजल की आपूर्ति व कृषि के लिए सिंचाई की सुविधा मिलेगी। साथ ही 1000 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।