भाजपा के कालखंड में तेजी से हुआ लखनऊ का विकास
उन्होंने कहा, लखनऊ में मैं 16 साल की उम्र से रहा हूं। अटलजी जब पीएम बने तब लखनऊ तेजी से विकास की ओर अग्रसर रहा और वह अनवरत रूप से जारी रहा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कालखंड में जिस प्रकार से यहां हाईवे बने, ओवर ब्रिज बने, तमाम सड़कें बनीं, मेट्रो चली वह दर्शाता है कि भाजपा काल में कितना काम हुआ है और यह पहले की तुलना में पूरी तरह से बदला हुआ लखनऊ है। पहले गोमतीनगर जाना टेढ़ी खीर था, लेकिन आज ऐसा नहीं है।
गुंडे-बदमाशों का राज खत्म, कानून का राज आया
मुख्यमंत्री ने कहा, सपा और बसपा की सरकारों में यहां माफिया राज था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था बहुत अच्छी है। पीएम के कालखंड में गरीब कल्याण की जो योजनाएं बनी हैं, उनका हर वर्ग को लाभ मिला।
‘पूरे देश में लागू होगी समान नागरिक संहिता’
उन्होंने कहा, मुझे यह बताते हुए खुशी है कि भाजपा का जो संकल्पपत्र है, उसमें पूरे देश में समान नागरिक संहिता को देश में लागू करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा, उत्तराखंड में हम इसे लागू कर चुके हैं। देश की आजादी के बाद उत्तराखंड पहला राज्य है जिसने इसे लागू किया।
‘तमाम झूठ फैला रहे हैं विपक्षी’
कहा, पीएम के नेतृत्व में पूरे देश को परिवार मानकर कार्य किया जा रहा है। दूसरी तरफ ऐसे दल हैं, जो अपने परिवारों से बाहर नहीं आ पा रहे। ये दल भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। ये दल आज तमाम तरह से भ्रामक बात कर रहे हैं कि 400 पार हो जाएंगे तो देश से आरक्षण समाप्त जो जाएगा। संविधान बदल जाएगा। मैं कहना चाहता हूं कि मोदी आरक्षण के बहुत बड़े पैरोकार और समर्थक हैं।
‘जो कहा, वो करके दिखाया’
धामी ने कहा, उत्तराखंड में लैंड जिहाद के तहत बहुत बड़ा अतिक्रमण था। हमने पांच एकड़ से ज्यादा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई है। यह देवभूमि के स्वरूप को खराब करने की साजिश थी, जिसे हमने रोका। हमने जो कहा, वो कर के दिखाया। इसमें यूसीसी भी शामिल है।