उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश के पुलिसकर्मियों को बडा तोहफा दिया है। काफी समय से पुलिसकर्मियों की लंबित मांग को पूरा करते हुए मुख्यमंत्री ने 87.12 करोड़ बजट की मंजूरी दे दी।
ताकि पुलिसकर्मियों को एरियर का भुगतान किया जा सके। सचिव गृह विनोद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस कर्मियों के एरियर की बकाया राशि का 50 फीसदी लगभग 43.56 करोड़ रूपये की धनराशि तत्काल राज्य आकस्मिकता निधि से जारी कर दी गई है।
जबकि शेष 50 प्रतिशत राशि का प्रावधान आगामी बजट में किया जा रहा है, जिससे पुलिस कर्मियों को अविलम्ब भुगतान किया जा सके। उन्होने बताया कि इस दिशा में मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव, सचिव गृह एवं सचिव वित्त की बैठक में यह निर्णय लिया गया।