जनगणना की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणकों की ओर से घर-घर जाकर निर्धारित परिवार अनुसूची के माध्यम से परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। इस प्रक्रिया में नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि एवं आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, साक्षरता एवं शैक्षिक स्तर, आर्थिक गतिविधियों, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान और प्रवास के कारण सहित कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की जाएगी। इसके अलावा अधिसूचना में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट एवं ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित जानकारी भी एकत्रित की जाएगी। लोगों की सुविधा एवं सहायता के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 एवं 9456551589 उपलब्ध हैं। इसके अलावा जनगणना संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क किया जा सकता है।
सैन्य क्षेत्रों में अलग से जनगणना
संयुक्त निदेशक एसएस नेगी ने बताया कि राज्य में जितने भी सैन्य क्षेत्र हैं, वहां अलग से जनगणना कराई जाती है। उसमें सेना के ही अधिकारी-कर्मचारी लगते हैं। संवेदनशील होने के नाते सैन्य क्षेत्रों में डिजिटल स्व-गणना नहीं कराई जा रही है। केवल एक दिसंबर से ऑफलाइन जनगणना कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें...उत्तराखंड: विधायकों की गोपनीय अग्निपरीक्षा, कुछ चेहरे बदल भी सकती है भाजपा, कई स्तर पर चल रहा सर्वे का काम
संस्कृत जानते हैं तो भाषा में यही विकल्प चुनें : दीपक कुमार
सचिव जनगणना एवं संस्कृत शिक्षा दीपक कुमार ने अपील की है कि चूंकि संस्कृत राज्य की दूसरी राजभाषा है, इसलिए जनगणना के दौरान जो लोग इसे जानते हैं, वह सवाल के जवाब में जरूर भरें। इससे कहीं-न-कहीं संस्कृत को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनगणना में राज्य सरकार और जनगणना निदेशालय पूरे तालमेल से काम कर रहे हैं।