सितारगंज मार्ग पर पहेनिया चौराहे के पास स्थित टोल प्लाजा पर कैबिनेट मंत्री के बेटे ने हंगामा कर दिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। मंत्री पुत्र का कहना है कि टोल कर्मी अधूरी सड़क का टोल लोगों से वसूल रहे हैं। इसका विरोध करने पर वहां मौजूद लोगों ने हमला करने की कोशिश की।
इस मामले में टोल प्लाजा अधिकारी हेमंत पांडे ने बताया कि छह मई की शाम करीब पांच-छह बजे टोल प्लाजा पर एक ट्रक के पीछे कार आई। इसी समय कार के पिछले हिस्से से बैरियर टकरा गया। इस पर कार सवार युवक खुद को कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे का बेटा बताते हुए हंगामा करने लगा। विरोध करने पर वह गालीगलौज करने लगा।
इसी समय वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू कर दी। टोल कर्मियों ने जब विरोध किया तो मंत्री पुत्र तेज गति से गाड़ी को दौड़ाते हुए भाग गया। इस मामले में किसी भी तरह की शिकायत नहीं की गई।
मैंने जब कार निकाली और अपना परिचय दिया तो अचानक टोल कर्मी ने गेट को गिरा दिया, जिससे मेरी गाड़ी में खरोंच आ गई। मैंने टोल कर्मियों से कहा कि अधूरी बनी सड़क का आप लोग टोल क्यों ले रहे हो तो उन्होंने अन्य लोगों से मुझ पर हमला कराने की कोशिश की।
-
अंकुर पांडे, पुत्र, कैबिनेट मंत्री अरविंद पांड